पति ने पत्नी को प्रेमी के साथ घर में ही पकड़ लिया तो दोनों की शादी करा दी। रविवार को यह घटना गड़खड़ा और आसपास के गांवों में चर्चा का विषय बनी रही। फूलपुर थाना अंतर्गत गड़खड़ा गांव निवासी युवक की शादी 21 मई 2018 को गाजीपुर जिले के गदाईपुर की युवती से हुई थी।
शादी के बाद युवक को पता चला कि पत्नी अपने गांव के ही युवक से प्यार करती है। शादी के बाद भी दोनों की बातचीत और मुलाकात जारी रही तो युवक ने कई बार आपत्ति जताई। इसके बावजूद पत्नी ने प्रेमी से बातचीत और मुलाकात करना नहीं छोड़ा। शनिवार रात प्रेमी उसके घर आया था। इसकी भनक युवक को लगी तो उसने पत्नी और उसके प्रेमी को पकड़ लिया।
रविवार को युवक ने परिवार के लोगों से बातचीत की और पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराने का फैसला किया। परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में सिंधोरा राम बाबा मंदिर में युवक ने पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराई और दोनों को साथ भेज दिया।