पहड़िया गौतमबुद्ध नगर कॉलोनी निवासी देवेश गुप्ता से साइबर जालसाजों ने 24 हजार की ठगी कर ली। पीड़ित ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया। पीड़ित देवेश के अनुसार 12 दिसंबर को मोबाइल पर फोन आया और बीएसएनएल नंबर के वेरिफिकेशन के बहाने जालसाज ने यूको बैंक चांदपुर स्थित शाखा से 24 हजार 630 रुपये की निकासी कर ली। वहीं शनिवार को पांडेयपुर की रहने वाली निशा यादव के बैंक खाते से 5500 रुपये गायब हो गया। निशा के अनुसार मोबाइल पर फोन आया और ओटीपी पूछकर खाते से पैसा निकाल लिया गया।
चमाव की रहने वाली विवाहिता ने पति समेत ससुराल के सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया। पीड़िता सुशीला पटेल के अनुसार उसरपुरवां तरना निवासी पति अजीत और सास, ससुर अन्य पुत्री होने पर अपमानित किया और धोखे से एक सफेद कागज पर तलाक का हस्ताक्षर भी करा लिया। वहीं दहेज में एक लाख रुपये नकद, बाइक और दो बीघा जमीन की मांग की गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति अजीत, सास, ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
दानगंज के हरदासीपुर में जमीन के विवाद को लेकर शनिवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक महिला घायल हो गई। पीड़िता गायत्री देवी का आरोप है कि जमीन के विवाद में लोहे के राड से सिर पर वार कर घायल कर दिया गया। पीड़िता की तहरीर पर चोलापुर पुलिस जांच कर रही है।