अंबारी । सऊदी अरब से फोन पर बात करने के दौरान पति से किसी बात पर डांट खाने केबाद दीदारगंज थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने बृहस्पतिवार रात अमरूद के पेड़ से फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के तिघरा गांव निवासी अशोक कुमार यादव कमाने के लिए सऊदी अरब गया है। सास ससुर और चार बच्चों के साथ पत्नी सीमा गांव में रहती थी। बृहस्पतिवार रात उसने सीमा (30) को फोन किया। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर अशोक ने उसे फोन पर ही डांट दिया। यह बात पत्नी को काफी नागवार लगी और उसने रात में बच्चों को सुलाने के बाद घर के पास स्थित अमरूद के पेड़ से फंदे से लटक कर जान दे दी। रात में बच्चों की नींद टूटी तो वे मां को खोजने लगे। सीमा के घर में नहीं मिलने पर परिवार वाले उसकी तलाश में घर से बाहर निकले तो उसे अमरूद के पेड़ से लटकते देखा। आनन-फानन में उसे उतारा गया और शाहगंज के निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की शादी दस साल पूर्व हुई थी। वह तीन लड़की व एक लड़के की मां थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।