उत्तर प्रदेश के भदोही में पहली पत्नी के रहते हुए दूसरी शादी करना एक युवक को काफी महंगा पड़ गया। पहली पत्नी से शादी के 11 साल बाद दूसरी महिला से शादी रचाने पर पत्नी ने बहुत ठोस कदम उठाया।
जौनपुर के मड़ियाहूं थानाक्षेत्र के रैमलपुर गांव निवासी क्षमा पांडेय (30) परिवार वालों के साथ मुंबई में रहती थी। उसका आरोप है कि उसके पास में ही रहने वाले भदोही के जोरई निवासी मनी पांडेय ने 23 अप्रैल 2008 को परिवार वालों से राय-मशविरा कर शादी की। उसके बाद एक बेटा रोशन पैदा हुआ, जिसकी उम्र अब 10 साल है।
कुछ दिन पहले पता चला कि उसके पति ने दूसरी शादी रचा ली है। गांव स्थित ससुराल पहुंचीं तो सारी हकीकत सामने आ गई। ससुराल वालों ने चोरी छिपे मनी की दूसरी शादी करा दी थी। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल में उसके साथ मारपीट की गई। साथ ही गाली गलौज करते हुए बेटे समेत उसे घर से बाहर निकाल दिया गया।
गुरुवार को महिला हेल्पलाइन के माध्यम से पीड़िता ने पति, जेठ, जेठानी और नई दुल्हन के खिलाफ उत्पीड़न और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। एएसपी डॉ. संजय कुमार ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।