मिर्जापुर जिले के आमघाट रेलवे क्रासिंग पार करते समय गुरुवार की देर रात राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आकर पति की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को चिकित्सालय भेजा जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिर्जापुर जिले के पड़री थाना क्षेत्र के टेगराही गांव निवासी कृपाशंकर उपाध्याय (63) डालिम्स सनबीम स्कूल में गार्ड की नौकरी करते थे। गुरुवार को वह अपनी पत्नी मालती देवी के आंख का इलाज कराने इलाहाबाद गए थे।
रात को करीब 10 बजे वह मेमू ट्रेन से मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर उतरे। साधन नहीं मिलने के कारण पति पत्नी पैदल की घर जा रहे थे। रात करीब 11 बजे जैसे ही आमघाट पहुंचे तो रेलवे क्रासिंग बंद पाया। दोनों फाटक बंद होने के बावजूद रेलवे लाइन पार करने लगे इसी बीच मुगलसराय से इलाहाबाद की ओर जा रही राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।
ट्रेन से टकराते ही कृपाशंकर ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची सौ नंबर की पुलिस घायल महिला को आनन-फानन में जिला चिकित्सालय ले गई।