यूपी के सोनभद्र में चढ़ाई के दौरान एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होने से दहशत में आए एक दंपति ने बस से छलांग लगा दी। जिस कारण पति की मौत हो गई और पत्नी घायल हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जिले के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के दुद्धी-हाथीनाला मार्ग पर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक प्राइवेट बस हथवानी गांव में चढ़ाई पर चढ़ रही थी। इस दौरान बस पीछे की ओर खिसकने लगी तो उस पर सवार तीर्थयात्रियों में अफरातफरी मच गई।
इसी बीच बस में ही किसी ने शोर मचा दिया कि बस अनियंत्रित हो गई है और उसका ब्रेक फेल हो गया है। इस पर बस के दरवाजे के पास बैठे लक्ष्मण (56) और उनकी पत्नी मायावती (52) दहशत में आ गईं। दोनों अपनी जान बचाने के लिए चलती बस से नीचे कूद गए।
दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहां लक्ष्मण को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी पत्नी को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। हालांकि जिला अस्पताल से उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
तीर्थयात्रियो की बस उड़ीसा के जगन्नाथपुरी से मंदिरों के दर्शन के बाद दुद्धी-हाथीनाला मार्ग से लौट रही थी। बस में सवार तीर्थयात्री कमलेश मिश्रा ने बताया कि जगन्नाथपुरी के दर्शन के बाद विध्यांचल माता के पूजन के लिए तीर्थयात्री जा रहे थे।