बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में किशोरी ने तोड़ा दम, मां ने प्रेमी के खिलाफ भेलूपुर थाने में दी तहरीर
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के श्यामा नगर बरेका में बृहस्पतिवार अपराह्न किशोरी ने छत से छलांग लगा दी। शुक्रवार देर शाम उपचार के दौरान बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया। आरोपी प्रेमी के खिलाफ मां ने भेलूपुर थाने में तहरीर दी है। मां का आरोप है कि भोजूबीर निवासी प्रेमी की हरकतों से परेशान होकर बेटी ने कदम उठाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा है।
पीड़िता मां अर्चना जायसवाल ने पुलिस को बताया कि भोजूबीर निवासी रोनक सोनकर उर्फ प्रियांशु ने रूही जायसवाल को प्रेम प्रसंग में फंसाया। दो साल से बातचीत कर रहा था। 9 मार्च की रात घर आया और बेटी को लेकर गया। बोला कि मां बुला रही हैं। 10 मार्च को बेटी को कॉल की तो वह बोली की अगले दिन 11 मार्च की सुबह आऊंगी। दोपहर तक बेटी के घर नहीं पहुंचने पर कॉल की तो रोनक ने अभद्र भाषा में बात की। बेटी को जान से मारने की धमकी दी। शाम 7 बजे तक बेटी को आने नहीं दिया तो कैंट थाने में ऑनलाइन शिकायत की। रौनक को कैंट थाने बुलाया गया तो वह नहीं गया और बेटी को भेज दिया। बेटी घर आ गई। रात एक बजे रौनक घर आया और हंगामा किया। कमरे में घुसकर बेटी के कपड़े, उपहार आदि को पेट्रोल छिड़ककर घर के बाहर आग लगा दी। बेटी को खूब डांटा। बेटी सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी और बृहस्पतिवार दोपहर छत से छलांग लगा दी। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।