Varanasi News: सात दिन में होटल प्रबंधन को जवाब देना था लेकिन कैंट पुलिस की नोटिस को होटल प्रबंधन ने हल्के में ले लिया। घटना के 12 दिन हो गए हैं और नोटिस जारी किए 10 दिन से अधिक समय हो गया है।
वाराणसी के छावनी क्षेत्र स्थित होटल वेस्ट इन में युवती पर फायरिंग और घटना को पूरे एक दिन तक छिपाने के मामले में होटल प्रबंधन के खिलाफ कैंट पुलिस ने नोटिस जारी किया है। सात दिन में होटल प्रबंधन को जवाब देना था लेकिन कैंट पुलिस की नोटिस को होटल प्रबंधन ने हल्के में ले लिया। घटना के 12 दिन हो गए हैं और नोटिस जारी किए 10 दिन से अधिक समय हो गया है।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
कैंट थाना क्षेत्र के होटल वेस्ट इन में 12 अप्रैल को ठहरे युवक और युवती के बीच शादी को लेकर हुए विवाद में फायरिंग हो गई। पिस्टल से निकली गोली से घायल युवती को तौलिया में लपेटकर आरोपी शुभम राय ने होटल कर्मचारियों की मिलीभगत से मलदहिया स्थित सिंह मेडिकल में भर्ती कराया।
कैंट पुलिस को होटल प्रबंधन ने पूरे एक दिन तक घटना की जानकारी नहीं दी। सिंह मेडिकल से सिगरा पुलिस को मेमो गया, तब वारदात उजागर हुई। इसके बाद कैंट पुलिस ने आरोपी शुभम राय को गिरफ्तार कर लिया।जेल में बंद शुभम के बाद कैंट पुलिस ने होटल वेस्ट इन के प्रबंधक को नोटिस जारी किया।
पुलिस ने फायरिंग की घटना को छिपाने, फर्जी नाम-पते पर कमरा उपलब्ध कराने समेत अन्य आरोपों में होटल प्रबंधन पर भी कार्रवाई शुरू की है। सात दिन का नोटिस जारी किया गया था लेकिन होटल प्रबंधन ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि सात दिन पूरे हो गए हैं, लेकिन होटल प्रबंधन की ओर से कोई जवाब नहीं आया। रिमाइंडर नोटिस भेजा जा रहा है। इस मामले में होटल प्रबंधन पर भी कार्रवाई तय है।