वाराणसी। पीएम सूर्य घर योजना के तहत अपने घरों पर सोलर पैनल लगवाने वाले भवन स्वामियों को संपत्ति कर में 10 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। यही नहीं, अत्याधुनिक एआई आधारित व्हाट्स एप चैटबॉट में भी अब सोलर पैनल लगवाने का विकल्प शामिल कर दिया गया है, जिससे नागरिक घर बैठे ही इस छूट का लाभ उठा सकें।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक (अप्रैल 2026 से 1 जुलाई 2026 तक) नगर निगम के संपत्ति कर मद में कुल 51,185 करदाताओं ने रिकॉर्ड 33.94 करोड़ रुपये का कर जमा किया है। कुल जमाकर्ताओं में से 20,158 करदाताओं ने विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों (यूपीआई, नेट बैंकिंग, डेबिट/क्रेडिट कार्ड) का उपयोग करते हुए 16.18 करोड़ रुपये का संपत्ति कर जमा किया है। इसके अलावा चैटबॉट (व्हाट्स एप) के माध्यम से 1,627 नागरिकों ने 1.11 करोड़ रुपये कर जमा कर एक नई मिसाल पेश की है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर व सीवरकर जमा करने पर 10 प्रतिशत की मुख्य छूट दी जा रही है। डिजिटल भुगतान करने वालों को दो प्रतिशत की अतिरिक्त रियायत मिलती है, जिससे कुल राहत 12 प्रतिशत हो जाती है। अब सोलर पैनल धारकों को मिलने वाली 10 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट से यह लाभ और बढ़ जाएगा।