वाराणसी। होमगार्डों के एटीएम और पासबुक जब्त करके एरियर पर निगाह गड़ाने वाले वाराणसी के 24 कंपनी कमांडरों को नोटिस जारी किया जा रहा है। जिला कमांडेंट कार्यालय से जारी नोटिस का सभी को सप्ताह भर के अंदर जवाब देना है। स्पष्टीकरण में किसी तरह की कोई शंका जाहिर होने पर कंपनी कमांडरों पर जांच की तलवार लटकनी तय मानी जा रही है। जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि सभी कमांडरों को नोटिस जारी की जा रही है। इसे अमर उजाला में 22 नवंबर को छपी होमगार्डों के एरियर पर है कंपनी कमांडरों की नजर शीर्षक खबर का असर माना जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री करा रहे हैं पूर्व में जमे अधिकारियों के कार्यों का आडिट
इधर, नोएडा के गौतमबुद्धनगर में वेतन घोटाले में गिरफ्तार मंडलीय कमांडेंट आएन चौरसिया व जिला कमांडेंट केएस पांडेय से जुड़ी पत्रावलियों को भी खंगाला जा रहा है। दोनों अधिकारी पूर्व में लंबे समय तक वाराणसी में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। माना जा रहा है कि यहां रहते हुए भी उन्होंने लंबा गोलमाल किया है। सूत्र की मानें तो पूर्व में इन दोनों अधिकारियों के द्वारा कराए गए कार्यों का आडिट भी कराया जा रहा है। इस मामले में सूबे के एक कैनिबेट मंत्री खुद पूरे प्रकरण की जांच अपने स्तर से करा रहे हैं। अब तक मंडलीय व जिला कमांडेंट कार्यालय के कई अधीनस्थों से पूछताछ भी हुई है।