फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुकद्दस हजयात्रा आज से, तैयारियां पूरी

Tue, 18 Aug 2015 02:22 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
विज्ञापन
मुकद्दस हजयात्रा-2015 का आगाज आज से हो रहा है। पूर्वांचल के 16 जिलों के हजयात्री आज वाराणसी इंबार्केशन से उड़ान भरने को तैयार हैं, वहीं अस्थाई हज हाउस की तैयारियां भी लगभग पूरी हो चुकी हैं। मंगलवार को दोपहर बाद दो बजे सांस्कृतिक संकुल स्थित हज हाउस से जाइरीन की रवानगी का सिलसिला शुरू हो जाएगा। उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कल्याण आयोग के चेयरमैन शकील अहमद बबलू बस को हरी झंडी दिखाएंगे। जाइरीन को मुफ्ती-ए-शहर मौलाना अब्दुल बातिन नोमानी और काजी-ए-शहर मौलाना गुलाम यासीन की दुआ के साथ रवाना किया जाएगा।
विज्ञापन


सोमवार को चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल में हजयात्रा के मद्देनजर तैयारियां होती रहीं। बुकिंग काउंटर से लेकर अस्थाई पुलिस चौकी, मेडिकल बूथ, पुलिस बूथ के साथ ही अस्थाई वजूखाना, बाथरूम, टॉयलेट सब कुछ बनकर तैयार है। शकील अहमद बबलू ने तैयारियों का जायजा लिया। पहली फ्लाइट से जाने वाले जाइरीन अपने परिवार के लोगों के साथ हज हाउस पहुंच चुके हैं। सोमवार की शाम तक करीब सवा दो सौ जाइरीन ने हज हाउस में रिपोर्ट कर अपनी बुकिंग करा ली थी। पहली फ्लाइट से जाने वाले जाइरीन के अलावा दूसरी फ्लाइट यानी बुधवार को जाने वालों की बुकिंग का भी सिलसिला शुरू हो गया है।

मंगलवार को सुबह दस बजे पहली फ्लाइट से जाने वाले जाइरीन को पासपोर्ट सहित अन्य जरूरी कागजात वितरित किए जाएंगे। 12 बजे से उनकी इंट्री एयर इंडिया के हॉल में शुरू कर दी जाएगी। जाइरीन के परिवार के लोग यहीं से उन्हें विदा करेंगे। इसके आगे जाने की इजाजत उन्हें नहीं होगी। एयरलाइंस हॉल में पासपोर्ट की जांच कर इमिग्रेशन फार्म भरवाया जाएगा। इसके बाद जाइरीन बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। दोपहर बाद दो बजे हज हाउस से पहली बस बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होगी। जबकि अंतिम बस शाम पांच बजे छूटेगी। शाम 5:10 बजे नाज एयरलाइंस का विमान बाबतपुर के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगा। रात 8:20 बजे यह विमान 250 जाइरीन को लेकर मदीना के लिए उड़ान भरेगा। इस बार नाज एयरलाइंस ने जाइरीन को मदीना ले जाने का जिम्मा उठाया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें