वाराणसी। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टेट-2026) दो से चार जुलाई तक चलेगी। इस दौरान लाखों की संख्या में परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। इनकी भारी भीड़ और उनकी सहूलियत को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने कैंट रेलवे स्टेशन व अन्य प्रमुख स्थलों पर होल्डिंग एरिया (विश्राम क्षेत्र) तैयार किया गया है। यहां अभ्यर्थियों के बैठने के लिए कुर्सियों और टेंट की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
ताकि बाहर के जिलों से आने वाले परीक्षार्थियों को ट्रेनों के इंतजार या विश्राम के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही लगातार साफ-सफाई और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। निगम ने परीक्षार्थी इस क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सहयोग करें और प्रतिबंधित सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग बिल्कुल न करने की अपील की है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी व जलकल के महाप्रबंधक को सभी 68 परीक्षा केंद्रों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और मुख्य आवागमन मार्गों पर उत्कृष्ट साफ-सफाई तथा पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का कड़े निर्देश दिए हैं।