कैंट रेलवे स्टेशन पर 20 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। चारों तरफ घूमने वाले इन कैमरों का जूमिंग पावर इतना अधिक होगा कि फुटेज में दूर की चीजें भी बिल्कुल स्पष्ट नजर आएंगी। यहां सुरक्षा प्रबंधों को भी चुस्त-दुरुस्त बनाया जाएगा। हाईटेक कैमरों के जरिये सुरक्षा के साथ ही सफाई व्यवस्था पर भी नजर रखी जाएगी।
गुरुवार को कैंट स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद उत्तर रेलवे के एजीएम एसके पाठक ने यह जानकारी दी। उन्होंने दो टूक कहा कि वह एक यात्री के रूप में कैंट स्टेशन की व्यवस्था से संतुष्ट नहीं हैं। साफ सफाई में सुधार हुआ है लेकिन अभी इस दिशा में और अधिक सुधार की आवश्यकता है।
एजीएम ने कैंट स्टेशन को विकसित करने के प्रस्तावों के बारे में कहा कि इसका प्रपोजल तैयार किया जा चुका है। प्रपोजल के आधार पर ही संबंधित स्थानों का निरीक्षण करने और उस बारे में अफसरों से जानकारी प्राप्त करने वह यहां आए। कहा कि स्टेशन की सफाई व्यवस्था सुधरी है लेकिन इसे और बेहतर करने की आवश्यकता है।
एजीएम ने बताया कि कैंट स्टेशन पर तीन माह पहले 48 सीसीटीवी कैमरे लगाए गये थे। अब 20 नए हाईटेक कैमरे लगाने की तैयारी है। बताया कि सीसीटीवी कैमरों के खराब होने की शिकायत उन्हें मिली थी लेकिन स्टेशन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम चेक किया तो सभी कैमरे चालू हालत में पाए गए। इसके पहले एजीएम एसके पाठक ने कैंट स्टेशन के सभी प्लेटफार्म, कंट्रोल रूम, सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया। इस दौरान एडीआरएम महेंद्र नाथ पांडेय, सीनियर डीसीएम अश्वनी कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ एरिया मैनेजर रवि चतुर्वेदी सहित अन्य रेल अफसर मौजूद थे।