ज्ञानवापी प्रकरण के पैरोकार और मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पक्षकार जितेंद्र सिंह विसेन को धमकी मिल रही है। उन्होंने कहा कि अज्ञात लोगों की ओर से ज्ञानवापी प्रकरण से दूर रहने और बनारस नहीं आने की धमकी दी जा रही है। परिस्थितियां ऐसी बन चुकी है कि परिवार के सदस्य, सहयोगी व मेरे अधिवक्ता कभी भी किसी भी षड्यंत्र या किसी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। यदि ऐसा कुछ होता है तो हिंदू विरोधी शक्तियों के अतिरिक्त तथाकथित राष्ट्रवादी कुलश्रेष्ठ व कुछ अन्य लोगों के साथ-साथ प्रशासन जिम्मेदार होगा।
ज्ञानवापी प्रकरण के पैरोकार जितेन्द्र सिंह विसेन के अनुसार वह काशी, मथुरा और देश के अन्य कई धार्मिक स्थलों की संवैधानिक लड़ाई लड़ रहे हैं। यह काम मैं ना करूं, इसके लिए हिंदू विरोधी शक्तियां हर संभव प्रयास कर रही हैं। हिंदू विरोधी शक्तियों के अतिरिक्त तथाकथित हिंदुत्व के ठेकेदार भी विरोध में उतर आए हैं और हर संभव प्रयास कर रहे हैं कि यह कार्य को छोड़ दूं। मेरे ऊपर दबाव बनाया जा रहा है कि मैं वकालत बंद कर दूं।