रोहनिया क्षेत्र के मूड़ादेव गांव निवासी छेदी के घर उनके रिश्तेदार आए थे। रिश्तेदार की स्कूटी लेकर छेदी का बेटा धीरज (15) घर से गोलगप्पा खाने के लिए निकला। इस पर पड़ोस के रामचंद्र निषाद का बेटा आदित्य (10) और रामचंद्र का बेटा अंकित (9) भी धीरज के साथ हो लिए। तीनों घर से थोड़ी दूर पहुंचे थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी में जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीनों बच्चों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां आदित्य और अंकित की मौत हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद धीरज को डॉक्टरों ने घर भेज दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर ही ट्रैक्टर छोड़ कर चालक भाग निकला। इस संबंध में रोहनिया थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी चालक को जल्द ही चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- Ballia News: प्रीतम हत्याकांड का मुख्य आरोपी रोहित मिश्रा गिरफ्तार, पुलिस के सामने रोते-रोते लगाई गुहार
दो भाई-बहन में छोटा था आदित्य
हादसे में दो बच्चों की मौत से उनके परिजनों के साथ ही ग्रामीण भी गमगीन दिखे। परिजनों ने बताया कि आदित्य दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। वह कक्षा छह का छात्र था। आदित्य की मां सोनी देवी को परिजन बड़ी ही मुश्किल से संभाले हुए थे। वहीं, अंकित दो भाई में बड़ा था और कक्षा पांच का छात्र था। उसकी मां गुड़िया देवी की हालत बेसुधों जैसी थी।