भदोही। अमेरिका के नार्थ कैरोलीना में 25 से 29 अप्रैल तक होने वाला हाई प्वाइंट मार्केट फेयर भी कोरोना वायरस की भेंट चढ़ गया है। दो दिन पूर्व आयोजकों ने फेयर स्थगित करते हुए कहा है कि यदि जून माह तक परिस्थितियां अनुकूल हुईं तो नई तिथि घोषित की जाएगी। भारतीय निर्यातक इसमें भाग नहीं लेते, लेकिन भारतीय कालीनों और होम फर्निशिंग के खरीदारों के लिए यह फेयर बड़ा बाजार होता है। इस खबर को भी भारतीय कालीन निर्माताओं के लिए एक बड़ी समस्या के रूप में देखा जा रहा है।
निर्यातक संजय गुप्ता ने बताया कि हाई प्वाइंट मार्केट एक बड़ा कालीन मेला है। इसमें कालीनों और दरियों के अलावा वॉल हैंगिंग, सोफा कवर, बेडशीट, मेजपोश, कुशन कवर, पिलो कवर, पर्दे आदि की भारी मांग और खरीदारी होती है। बताया कि हमारे खरीदार इस फेयर में हिस्सा में लेते हैं और इसका सफलता का सीधा लाभ भारतीय कालीन निर्यातकों तक पहुंचता है। इसके रद हो जाने से बड़ा झटका लगा है। हाई प्वाइंट मार्केट पहले दिन से ही अपना असर दिखाने लगता है और आयातकों से मांग शुरू हो जाती है।
भदोही के निर्यातक शाहिद जमाल ने बताया कि पांच दिन के हाई प्वाइंट मार्केट में सौ से अधिक देशों के प्रदर्शक और यूएस के कोने-कोने से खरीदार भाग लेते हैं। यहां उत्पादों की मांग पहले दिन से अपना असर दिखाने लगती है। हमारे बायर जो इसमें भाग लेते हैं, उसका लाभ सीधा हमें मिलता है। कहा कि कोरोना के भय से अब तक कालीन उद्योग को करोड़ों का नुकसान हो चुका है। न केवल एक के बाद फेयर रद हो रहे हैं, बल्कि कोई माल नहीं जा पा रहा है। भय है कि कहीं आयातक ऑर्डर रद न कर दें। यदि ऐसा हुआ तो बाजार को गहरा धक्का लगेगा।