सीएम योगी आदित्यनाथ वाराणसी आगमन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीएम योगी के कार्यक्रम स्थलों की पुलिस अपने ड्रोन कैमरे से निगहबानी करेगी।
वहीं, सीएम की सुरक्षा व्यवस्था में एसएसपी वाराणसी के अलावा दो पुलिस अधीक्षक, 28 एएसपी, 60 डिप्टी एसपी, 67 एसआई वाहन के साथ, 503 एसआई सिविल पुलिस, 30 महिला सब इंस्पेक्टर, 2784 कांस्टेबल, 11 कंपनी पीएसी तैनात रहेगी।
इसके साथ ही गंगा में एनडीआरएफ के जवान और एक कंपनी बाढ़ राहत दल पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम हैं। डमी फ्लीट का रिहर्सल शुक्रवार कर लिया गया।
इसी दौरान सीएम रूट और कार्यक्रम स्थलों का जायजा ड्रोन कैमरे से किया गया। इसके साथ ही बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और एंटी माइंस डिटेक्शन यूनिट शुक्रवार और शनिवार को सीएम के कार्यक्रम स्थलों पर निरंतर नजर बनाए रखेंगे। खुफिया इकाइयों के जवान संदिग्धों पर नजर रखेंगे।
पुलिस कर्मियों को टोपी-गमछा न रखने की सलाह
कमिश्नरी ऑडिटोरियम में बैठक
- फोटो : अमर उजाला
कमिश्नर ने मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को अपने तैनाती स्थल पर दो घंटे पूर्व उपस्थित रहने को कहा। वे गुुरुवार को कमिश्नरी ऑडिटोरियम में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की फ्लीट गुजरने वाले मार्गों पर ज्यादा पहले से यातायात न रोका जाए। बाबतपुर से सीएम के कार्यक्रम स्थल तक सड़कों पर बैरीकेडिंग कराने को कहा। कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने पुलिस कर्मियों से कहा कि ड्यूटी के दौरान टोपी लगाएं, गमछा न रखें।
शुक्रवार को बाबतपुर से सर्किट हाउस आने के दौरान बाबतपुर, संजय मोटल, लक्ष्मी मेडिकल, भेल, तरना एवं अतुलानंद सहित छह स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम भी लोगों द्वारा किया जाएगा। यहां व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने की हिदायत दी।
आईजी जोन दीपक रतन ने भी अधिकारियों से कहा कि हर सूचना को गंभीरता से लिया जाए तथा वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया जाए। डीएम योगेश्वर राम मिश्र ने ड्यूटी के दौरान सुरक्षा कर्मियों को मोबाइल पर व्यस्त न रहने की हिदायत दी और अफसरों को इस पर नजर रखने को कहा।