फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Heat Stroke in UP: गश खाकर गिरे फिर नहीं उठे, वाराणसी में भीषण गर्मी और लू के बीच सात लोगों की मौत

Mon, 19 Jun 2023 09:48 AM IST
उत्पल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

सार

Heat Stroke in UP:  वाराणसी में भीषण गर्मी व लू का कहर जारी है। दशाश्वमेध, लक्सा, भेलूपुर और जैतपुरा क्षेत्र में रविवार को सात लोगों की मौत हो गई। मौत की असली वजह साफ नहीं है, लेकिन ज्यादातर लोग गश खाकर गिरे और मूर्छित हो गए। बाद में दम तोड़ दिया। 
विज्ञापन
वाराणसी में गर्मी का सितम जारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वाराणसी में भीषण गर्मी व लू के बीच दशाश्वमेध, लक्सा, भेलूपुर और जैतपुरा क्षेत्र में रविवार को सात लोगों की मौत हो गई। इनमें चार बुजुर्ग और तीन युवक शामिल हैं। दो बुजुर्गों के शवों की पहचान नहीं हो सकी है। मौत की असली वजह साफ नहीं है, लेकिन ज्यादातर लोग गश खाकर गिरे और मूर्छित हो गए। बाद में दम तोड़ दिया। आशंका जताई जा रही है कि लू लगने की वजह से मौतें हुई हैं। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट, खून व सीरम की जांच से सामने आएगी।

विज्ञापन


अचानक गिरे और दम तोड़ दिया
चंदौली जिले के पड़ाव जलीलपुर निवासी मुन्ना लाल गौड़ (60) कमच्छा क्षेत्र में सुरक्षा कर्मी के तौर पर काम करते थे। रविवार की दोपहर अपनी साइकिल से पैदल ही दशाश्वमेध क्षेत्र की दूध सट्टी के सामने की सड़क से जा रहे थे। एक चाय की दुकान के सामने मुन्ना लाल अचानक गिर पड़े।
ये भी पढ़ें: आदिपुरुष के खिलाफ सिनेमा घर के बाहर हंगामा, फाड़े पोस्टर, फिल्म के निर्माता पर कार्रवाई की मांग
विज्ञापन


आसपास के लोगों ने उन्हें उठाया और कुर्सी पर बैठाकर पानी का छिड़काव किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मुन्ना लाल की जेब से मिले मोबाइल फोन के जरिये उनके परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि मुन्ना लाल के दो बेटे और दो बेटियां हैं।

अचेत पड़े युवक की मौत

वाराणसी में भीषण गर्मी - फोटो : अमर उजाला
दूसरी घटना, लक्सा थाने के सामने स्थित आइसक्रीम फैक्ट्री के समीप की है। दोपहर के समय पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक अचेत पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता लगा कि युवक दम तोड़ चुका था। युवक की जेब से आधार कार्ड मिला और उसकी पहचान सोनारपुरा, हरिश्चंद्र घाट रोड निवासी राजेश कहार (40) के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।

चबूतरे पर मृत मिला बुजुर्ग

तीसरी घटना लक्सा थाना के मिसिर पोखरा क्षेत्र स्थित एक मकान के सामने की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रोजाना रात में एक चबूतरे पर सोने वाला बुजुर्ग रविवार को मृत पड़ा मिला। उसके शरीर पर भगवा रंग का गमछा था और समीप ही काले रंग का बैग पड़ा हुआ था। लक्सा थाने की पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग की उम्र लगभग 65 वर्ष है। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। शव को मंडलीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

बुजुर्ग अचानक गिरा और दम तोड़ दिया

चौथी घटना दशाश्वमेध थाना क्षेत्र की है। बड़ादेव क्षेत्र स्थित सोनार गली में एक बुजुर्ग का शव मिलने की सूचना पर दशाश्वमेध थाने की पुलिस पहुंची। स्थानीय लोगों ने बताया कि लगभग 60 वर्षीय बुजुर्ग भिक्षाटन कर जीवन यापन करता था। वह अचानक गिरा और उसकी मौत हो गई। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव को मंडलीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

भेलूपुर क्षेत्र में दो लोगों की मौत

तेज धूप व गर्मी से परेशान हुए पर्यटक - फोटो : अमर उजाला
पांचवी घटना भेलूपुर थाना क्षेत्र की है। बजरडीहा क्षेत्र में मजदूरी कर रहा बसनी गांव निवासी नसीर (45) गश खाकर गिरा तो फिर नहीं उठा। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस आई और उसके परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। छठी घटना भी भेलूपुर थाना क्षेत्र की ही है। चेतमणी चौराहा के समीप सड़क किनारे एक युवक बेहोश पड़ा हुआ था। राहगीरों की सूचना पर दुर्गाकुंड चौकी की पुलिस पहुंची तो उसकी मौत हो चुकी थी। शव की पहचान 25 वर्षीय रानीपुर निवासी साजिद अंसारी के तौर पर हुई है।

रेलवे क्रॉसिंग के समीप बेहोश मिले, मौत

सातवीं घटना जैतपुरा थाना क्षेत्र की है। जलालीपुरा रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक व्यक्ति के बेहोश पड़े होने की सूचना पर पुलिस पहुंची तो उनकी मौत हो चुकी थी। मोबाइल की मदद से शव की पहचान कोनिया निवासी 60 वर्षीय विजय कन्नौजिया के रूप में हुई। विजय के पास से चुनरी में नारियल बंधा हुआ मिला। परिजनों ने बताया कि विजय सुबह दर्शन-पूजन के लिए मिर्जापुर गए हुए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
विज्ञापन

डीएम बोले- सतर्कता बरतने की जरूरत

जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने कहा कि  मौसम प्रतिकूल है। तापमान ज्यादा है। प्रशासन की तरफ से एडवाइजरी भी जारी की गई है। दिन में बाहर निकलने से बचें और ज्यादा पेय पदार्थों का सेवन करें। ग्राम पंचायत स्तर पर खराब पड़े हैंडपंप और जलस्रोतों को रीबोर कराने का काम कराया जा रहा है। पशुओं और अन्य के लिए जलाशयों में पानी की व्यवस्था कराई जा रही है। अस्पतालों में विशेष इंतजाम किए गए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें