वाराणसी में 18 से 44 साल आयु वर्ग के लोगों के लिए बिना स्लॉट बुकिंग के टीकाकरण कराने की सूचना से मंगलवार को कई केंद्रों पर लोग उमड़ पड़े। लोग काउंटर पर पहुंचकर पंजीकरण कराने गए तो कर्मचारियों ने ऐसा कोई आदेश न होने की बात कहकर मना कर दिया। इस दौरान लोगों की कर्मचारियों से नोकझोंक भी हुई।
हालत यह रही कि लोग टीकाकरण केंद्रों के लिए बने नोडल अधिकारियों को फोन कर वस्तुस्थिति की जानकारी लेने लगे। कई केंद्रों पर पंजीकरण के लिए मारामारी की स्थिति रही। चौकाघाट स्थित आयुर्वेद कॉलेज पर ऑन द स्पॉट पंजीकरण न होने का नोटिस भी चस्पा करना पड़ा, जबकि लहरतारा स्थित रेलवे मंडलीय अस्पताल में लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया।
महिला अस्पताल कबीर चौरा में बहुत से लोग केंद्र पर पंजीकरण के लिए पहुंचे, लेकिन यहां मौजूद कर्मचारियों ने इस बाबत किसी तरह का कोई आदेश होने की जानकारी नहीं थी। इस बारे में सीएमओ डॉ.वीबी सिंह ने बताया कि बिना ऑनलाइन पंजीकरण 18 से 44 साल के लिए अभी टीकाकरण का कोई आदेश नहीं प्राप्त हुआ है। अगर इस बाबत शासन का आदेश मिलते ही व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।