इसके साथ ही मौके पर एंबुलेंस भी 24 घंटे तैनात रहेगी। धाम क्षेत्र के बाहरी इलाके में इसका संचालन किया जाएगा, जिससे कि मरीजों को ले आने और ले जाने में सहूलियत होगी। आने वाले समय में मरीजों की संख्या को देखते हुए इसका विस्तार किया जाएगा और इसको 24 घंटे संचालित करने की भी योजना है।
इसके पीछे उद्देश्य है कि धाम क्षेत्र में किसी भी श्रद्धालु की हालत खराब होने पर उसको तत्काल इलाज मिल सके। इसमें दवा के साथ-साथ इमरजेंसी इलाज की भी सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा इस केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सक और कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग का प्रस्ताव मिला है। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के लिए धाम क्षेत्र के बाहरी इलाके में स्थान चिह्नित किया जा रहा है। संभावना है कि नंदू फारिया वाली गली में इसको स्थापित कराया जाएगा। इससे आवागमन के साथ ही जरूरतमंदों के लिए पहुंचना आसान होगा।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में गर्मी के दौरान पिछले महीने कई मरीजों की हालत ज्यादा खराब हो गई थी और इसमें चार से अधिक की इलाज के दौरान मौत भी हो गई। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग व मंदिर प्रशासन ने यह पहल की है। बाबा के धाम में अभी तक श्रद्धालुओं के लिए सिर्फ एंबुलेंस की व्यवस्था है जो गंभीर स्थिति में मरीजों को लेकर मंडलीय अस्पताल जाती है।