थाना क्षेत्र स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में शनिवार की दोपहर प्रधानाध्यापक ने कक्षा चार में पढ़ने वाली मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। स्कूल की छुट्टी होने के बाद उसने मासूम को किताब देने के बहाने अपने कार्यालय में बुलवाया। कुछ देर बातचीत करने के बाद दरवाजा बंद कर बलात्कार किया। प्रधानाध्यापक के चंगुल से छूटने के बाद मासूम किसी तरह अपने घर पहुंची। घटना की जानकारी होने के बाद परिवार के लोग शिकायत करने शिवपुर थाने पहुंचे। पुलिस ने आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
नौ वर्षीय मासूम के पिता मजदूरी करते हैं। घर के नजदीक स्थित प्राथमिक विद्यालय में वह कक्षा चार में पढ़ती है। आरोप है कि पिछले दस सितंबर को विद्यालय की छुट्टी होने के बाद 40 वर्षीय प्रधानाध्यापक ने उसे अपने कार्यालय में बुलाया और उससे बलात्कार किया। धमकी दी कि अगर उसने घरवालों को इस बारे में कुछ भी बताया तो उसका नाम काट दिया जाएगा। डर की वजह से छात्रा ने घरवालों को जानकारी नहीं दी। शनिवार की दोपहर एक बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद प्रधानाध्यापक ने फिर उसे किताब देने के बहाने अपने कार्यालय में बुलवाया।
दरवाजा से बंद कर छात्रा से बलात्कार किया। करीब घंटे भर बाद छात्रा घर पहुंची तो घरवालों ने देरी की वजह पूछी। छात्रा ने रोते हुए आपबीती सुनाई। शिकायत के बाद घरवाले शिवपुर थाने पहुंचे। सीओ कैंट रामकुमार यादव का कहना है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार, पॉक्सो एक्ट, समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस बारे में बीएसए अारसीएस यादव ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।