वाराणसी। सरायगोवर्धन निवासी तीर्थ पुरोहित कृष्ण कुमार उपाध्याय उर्फ बड़का बच्चा और उनकी पत्नी ममता की हत्या में वांछित रामविचार उपाध्याय और उसके करीबी को पुलिस ने सोमवार को हिरासत में लिया। दोनोें से अज्ञात स्थान पर पुलिस टीमों की पूछताछ जारी है। प्रारंभिक पूछताछ में रामविचार से पता लगा कि वह वारदात के मुख्य आरोपी राजेंद्र उपाध्याय उर्फ छोटका बच्चा की पिशाचमोचन कुंड स्थित गद्दी पर काम करता था। राजेंद्र के कहने पर उसका साथ देने के लिए वह वारदात में शामिल हुआ। वहीं, पुलिस टीमों की लगातार छापेमारी के बावजूद राजेंद्र, उसके बेटे, पत्नी और एक पट्टीदार का वारदात के तीसरे दिन सोमवार को भी पता नहीं चल सका।
चेतगंज थाना अंतर्गत सरायगोवर्धन में बीती शनिवार की सुबह गोली मारकर और चापड़ से वारकर तीर्थ पुरोहित कृष्ण कुमार और उनकी पत्नी ममता की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने तफ्तीश शुरू की तो सामने आया कि वारदात में राजेंद्र का एक पट्टीदार और रामविचार का एक करीबी रिश्तेदार भी शामिल थे।
पुलिस टीमों की पूछताछ में रामविचार ने बताया कि वह गाजीपुर जिले का हिस्ट्रीशीटर नहीं है। उसके खिलाफ पड़ोसी से मारपीट के आरोप में सिर्फ एक मुकदमा दर्ज है। राजेंद्र अपने बड़े भाई से मकान बंटवारे के विवाद के साथ ही जजमानी और गद्दी के विवाद को लेकर रंजिश रखता था। राजेंद्र ने उकसाया और उसे पैसे देने का लालच दिया तो वह उसका साथ देने के लिए वारदात में शामिल हो गया। वहीं, इस संबंध में इंस्पेक्टर चेतगंज प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रकरण से जुड़े कुछेक अहम आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी कर जल्द ही आरोपियोें को अदालत में पेश किया जाएगा।
नामजद आरोपियों पर घोषित होगा इनाम
तीर्थ पुरोहित दंपती की हत्या में वांछित नामजद राजेंद्र, उसके बेटे और पत्नी की तलाश में पुलिस की छह टीमें वाराणसी के साथ ही चंदौली, गाजीपुर, बलिया और बिहार के अलग-अलग जिलों में छापेमारी कर रही हैं। एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि नामजद तीनों आरोपी जल्द ही गिरफ्त में नहीं आए तो उनकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया जाएगा। इसके साथ ही अदालत की अनुमित लेकर उनकी संपत्तियों को जब्त किया जाएगा।