Varanasi News: बांसुरी वादक हरिप्रसाद चौरसिया रविवार को संकट मोचन समारोह में अपनी कला की प्रस्तुति देंगे। दर्शक भी उनके बांसुरी वादन को सुनने के लिए लालायित रहते हैं।
संकटमोचन संगीत समारोह में अपने सुरों की साधना अर्पित करने के लिए देश का हर कलाकार लालायित रहता है। ये हनुमान जी की भक्ति का ही प्रताप है कि कलाकार हर साल यहां हाजिरी लगाना चाहते हैं। संकटमोचन संगीत समारोह की दूसरी निशा में बांसुरी वादक हरिप्रसाद चौरसिया भी हाजिरी लगाएंगे। उन्होंने मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र को फाेन करके प्रस्तुति देने की बात कही।
विज्ञापन
संकटमोचन संगीत समारोह की घोषणा होने के बाद बांसुरी वादक पं. हरिप्रसाद चौरसिया ने महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र को फोन किया और कहा कि महंत जी हमको भूल गए हैं क्या?
इस पर महंत प्रो. मिश्र ने कहा कि अरे ऐसा नहीं है। हमको लगा था कि आपकी व्यस्तता है, इसलिए आपको फोन नहीं किया। यह तो आपका ही मंच है। मैं किसी को बुलाने वाला कौन होता हूं। हनुमान जी ही यहां सबको बुलाते हैं। उनकी ही प्रेरणा से आपने हमको फोन किया है।
विज्ञापन
पं. हरिप्रसाद चौरसिया ने संगीत समारोह में प्रस्तुति देने की इच्छा जताई। इस पर महंत ने कहा कि संगीत समारोह की दूसरी निशा में आपकी हाजिरी लगेगी। पं. हरिप्रसाद चौरसिया पिछले कई सालों से संकटमोचन संगीत समारोह में हाजिरी लगाते आ रहे हैं।