पूर्वांचल और सात राज्यों के भक्त होंगे शामिल
हनुमान ध्वजा यात्रा में पूर्वांचल के मिर्जापुर, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, चंदौली, गोरखपुर के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश समेत सात राज्यों के भक्त शामिल होंगे। संस्था के आठ कार्यालय रामसिंहपुर, अदलपुरा, कोनियां, शिवरतनपुर, लखरांव, बजरडीहा और डाफी से भक्तों का जत्था श्रीराम दरबार की झांकियों के साथ शामिल होगा। शिव-पार्वती और हनुमान जी के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन होंगे।
501 किलो लड्डू का लगेगा भोग
संस्था की ओर से 501 किलो के शुद्ध देसी घी के लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। जबकि संकटमोचन मंदिर जाने वाले भक्तों में सात क्विंटल से अधिक लड्डू भक्तों में बांटे जाएंगे। शोभायात्रा में 60 फीट लंबे रथ पर श्रीरामदरबार की झांकी सजाएगी। 20 फीट ऊंचा हनुमान जी का कटआउट होगा। रोहनिया रामलीला समिति के पात्र देवों के स्वरूप में सजेंगे।
ध्वज अर्पण कर सुंदरकांड-हनुमान चालीसा का किया पाठ
वाराणसी। श्री हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी समिति की ओर से 15 दिवसीय हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी के 11वें दिन रविवार को भक्तों ने प्रभु का गान करते हुए संकट मोचन दरबार में हाजिरी लगाई। ध्वज अर्पण कर सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया। संयोजक यतींद्र कथूरिया, भरत लाडिया, प्रदीप तुलस्यान ने हनुमत प्रभु को रथ पर विराजमान कराकर विग्रह के समक्ष ज्योत प्रज्ज्वलित कर आरती उतारी। 201 भक्तों ने ध्वजा और 61 महिलाओं ने आरती के साथ यात्रा की शुरुआत की।
श्री माहेश्वरी समाज, दादी धाम रामकटोरा, मारवाड़ी युवा मंच गंगा शाखा, अरिंदम शाखा आदि संस्थाओं ने भक्तों पर पुष्पवर्षा की। यात्रा गुरुधाम रविंद्रपुरी, दुर्गाकुंड त्रिदेव मंदिर होते हुए संकट मोचन मंदिर पहुंची। यहां प्रभु के चरणों में ध्वजा अर्पित की गई। संजय हजारी ने सुमधुर सुंदरकांड का पाठ किया।
इसके बाद सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। सवामणि प्रसाद के रूप में लड्डू, फल, ठंडई का भोग लगाकर वितरण हुआ। प्रभातफेरी में रघु देव अग्रवाल, सिद्धार्थ कपूर, विवेक शर्मा, प्रभात खेतान, अमित अग्रवाल, महेंद्र शर्मा, अनूप केसरी, कौशल शर्मा, कृष्ण गोपाल तुलस्यान, सुरेश तुलस्यान, कृष्ण कुमार काबरा, अनिल अग्रवाल आदि रहे।