हज कमेटी ऑफ इंडिया ने चयनित हजयात्रियों के मेडिकल स्क्रीनिंग और फिटनेस प्रमाण पत्र जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी है। अब हजयात्री स्वास्थ्य जांच कराने के बाद फिटनेस प्रमाण पत्र हज कमेटी की वेबसाइट hajcommittee.gov.in पर अपलोड कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सचिव मोहम्मद तारिक ने बताया कि पहले मेडिकल स्क्रीनिंग, फिटनेस जांच और प्रमाण पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर थी। हर जिले में सीएमओ के निर्देशन में जिला अस्पतालों में जांच कराई जा रही है। जिन जायरीन ने अभी तक स्वास्थ्य जांच नहीं कराई है, वे निर्धारित तिथि तक जांच कराकर प्रमाण पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दें।
समिति के को-ऑर्डिनेटर अरमान अहमद ने बताया कि जिले में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में जायरीन की स्वास्थ्य जांच हो रही है। उन्हें एलोपैथिक पद्धति के चिकित्सक से जारी मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र, हज यात्रा की अग्रिम जमा धनराशि की रसीद और अन्य जरूरी प्रपत्र वेबसाइट पर अपलोड करने हैं। इनकी प्रतियां राज्य हज समिति कार्यालय में एक अक्तूबर तक जमा की जा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि प्रवासी भारतीय उसी देश के सरकारी चिकित्सालय में स्वास्थ्य जांच कराकर प्रमाण पत्र वेबसाइट पर अपलोड करें। जायरीन स्वास्थ्य जांच प्रमाण पत्र अपने पास सुरक्षित रखें, क्योंकि द्वितीय चरण की जांच के समय इसे दिखाना होगा। संवाद