ज्ञानवापी प्रकरण और शहर की कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस आयुक्त ने कैंप कार्यालय पर पुलिस उच्चाधिकारियों संग बैठक की। इस दौरान उन्होंने काशी और वरुणा जोन के डीसीपी को निर्देशित किया कि थाना और चौकी स्तर पर पुलिस और आमजनों के बीच बराबर संवाद स्थापित हो। शांति समिति की बैठक आयोजित करें। शांति और सद्भाव बना रहे। इसलिए प्रबुद्ध जनों से लगातार बातचीत की जाए। आपसी सौहार्द कायम रहे।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने मातहतों को निर्देशित करते हुए कहा कि शहर में फुट पेट्रोलिंग बढ़ाएं और पुलिस पिकेट सक्रिय रहे। आमजनों के प्र्रति व्यवहार बेहतर रखें। सड़क सहित सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने वालों पर अभियान चलाकर कार्रवाई करें।
बैठक में एडिशनल सीपी अपराध व मुख्यालय सुभाषचंद्र दुबे, एडिशनल सीपी कानून व्यवस्था अनिल कुमार सिंह, डीसीपी काशी आरएस गौतम, वरुणा जोन के डीसीपी आदित्य लांग्हे, एडीसीपी काशी राजेश पांडेय आदि मौजूद रहे। उधर, ज्ञानवापी प्रकरण को देखते हुए ग्रामीण पुलिस के सभी थानों में शांति समिति की बैठक हुई। एसपी ग्रामीण अमित वर्मा, एडिशनल एसपी नीरज पांडेय के निर्देश पर समस्त थाना प्रभारी द्वारा धर्मगुरुओं और प्रबुद्ध जनों के साथ बैठक की गई।