ज्ञानवापी : पुनरीक्षण याचिका पर 19 नवंबर को होगी बहस
विज्ञापन
- हरिहर पांडेय की तीन बेटियों ने विजय शंकर रस्तोगी को वादमित्र पद से हटाने और खुद पक्षकार बनाने की मांग की है संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। साल 1991 के ज्ञानवापी मामले में पक्षकार बनाने और वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी को हटाने की मांग से जुड़ी पुनरीक्षण याचिका पर मंगलवार को विशेष न्यायाधीश द्वितीय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) पूनम पाठक की अदालत में सुनवाई हुई। दिवंगत हरिहर पांडेय की तीन बेटियों की ओर से अधिवक्ता ने पक्ष रखा। बहस पूरी नहीं होने पर अदालत ने सुनवाई जारी रख अगली तिथि 19 नवंबर निर्धारित की है।
मुकदमे के वादी पक्षकारों में शामिल रहे हरिहर पांडेय के निधन के बाद उनकी तीन बेटियों मणिकुंतला तिवारी, नीलिमा मिश्रा और रेनू पांडेय ने खुद को मुकदमे में पक्षकार बनाने और विजय शंकर रस्तोगी को वादमित्र पद से हटाने के लिए सिविल जज (सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक) की अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। अदालत ने 11 जुलाई 2025 को दोनों प्रार्थना पत्रों को पोषणीय न मानते हुए निरस्त कर दिया था। इस आदेश के खिलाफ तीनों बहनों ने पुनरीक्षण याचिका दाखिल की है। मंगलवार को सुनवाई के दौरान वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी और अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से दाखिल आपत्तियों पर अधिवक्ता ने दलीलें पेश कीं। उन्होंने कहा कि निचली अदालत के आदेश में प्रक्रियात्मक त्रुटि है। अदालत को पहले यह तय करना चाहिए था कि दोनों प्रार्थना पत्रों की सुनवाई एक साथ होगी या अलग-अलग। बिना सुनवाई किए ही पोषणीयता के आधार पर प्रार्थना पत्र निरस्त कर दिए गए।