अस्पताल में चल रहा इलाज, पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चौबेपुर पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
चौबेपुर। थाना क्षेत्र के जाल्हूपुर बाजार में नारियल पानी पिलाने के बहाने बैटरी का एसिड पिलाने का आरोप लगा है। तरल पदार्थ पीने के बाद जूता सीलने का काम करने वाले कारीगर लालमन की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विशुनपुरा गांव निवासी लालमन की दुकान के पास ही छेदी सोनकर की फल की दुकान है। आरोप है कि एक नवंबर 2026 को फल की दुकान पर मौजूद आकाश सोनकर पुत्र नत्थू सोनकर निवासी उकथी, चौबेपुर ने लालमन को एक तरल पदार्थ पीने के लिए दिया। परिजनों का आरोप है कि नारियल पानी बताकर उन्हें बैटरी का एसिड पिला दिया गया। इसे पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। शुरुआत में परिजन उनका घरेलू और सामान्य उपचार कराते रहे, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।