कमला के अनुसार, उस समय वह अगरबत्ती बेचने बनारस जाया करते थे। बीएचयू में मुलाकात होने पर श्रीप्रकाश अपनी प्रेमिका के बारे में बताते थे और खाना खिलाए बगैर जाने नहीं देते थे। रात होने पर हॉस्टल में रोक लेते थे। वह पढ़ने में बहुत अच्छे, हंसमुख और संवेदनशील थे।
हमारी दोस्ती कृष्ण और सुदामा जैसी थी :
कमला ने कहा- हमारी और श्रीप्रकाश की दोस्ती कृष्ण और सुदामा जैसी थी। आंखों से आंसू पोंछते हुए उन्होंने कहा कि श्रीप्रकाश अहमदाबाद में पत्नी के साथ रहते थे। वह किसी काम से अहमदाबाद गए तो श्रीप्रकाश को सूचित किया। इस पर श्रीप्रकाश बाइक लेकर स्टेशन आ गए। उनकी पत्नी मायके चली गई तो उन्हें 10 दिन अपने साथ ही रखा और अहमदाबाद घुमाया। इतनी बड़ी शख्सियत होकर भी बचपन की जान-पहचान को श्रीप्रकाश ने मान-सम्मान दिया था, ऐसा भला अब कौन करता है।
पहली बार देखा था बफे सिस्टम :
गांव के सुभाष दुबे ने बताया कि श्रीप्रकाश की शादी के बाद 1988 में सनबीम स्कूल भगवानपुर के पास आयोजित समारोह में गांव के कई लोग शामिल हुए थे। सभी ने पहली बार बफे सिस्टम देखा था। बताया कि पढ़ाई के दौरान साथ पढ़ रही सोनू से श्रीप्रकाश को प्रेम हो गया था और दोनों ने विवाह कर लिया था। पिता की मौत के बाद श्रीप्रकाश एक बार गांव आए थे और पैतृक संपत्ति बेच कर चले गए थे। इसके बाद गांव के लोगों से उनका संपर्क खत्म हो गया था।
मनबढ़ (बदमाश) की पिटाई से दुखी होकर पिता ने छोड़ा था गांव :
रघुनाथपुर गांव के कुछ बुजुर्गों के अनुसार, श्रीप्रकाश के पिता राम प्रसाद नौकरी के सिलसिले में बनारस रहते थे। उस समय श्रीप्रकाश के दादा दयाराम घर पर अकेले रहते थे। गांव के ही एक मनबढ़ ने श्रीप्रकाश के दादा की पिटाई कर दी थी। सूचना पाकर राम प्रसाद बनारस से गांव आए और पुलिस को तहरीर दी। मुकदमा तो दर्ज नहीं हुआ, लेकिन पुलिस ने मनबढ़ को यह जरूर बता दिया कि राम प्रसाद शिकायत लेकर आए थे। इससे नाराज मनबढ़ ने राम प्रसाद से भी मारपीट कर दी। इससे दुखी राम प्रसाद अपने पिता को लेकर बनारस चले गए।
अहमदाबाद में 40 हजार रुपये महीने से शुरू की थी नौकरी :
ग्राम प्रधान विजय पटेल ने बताया कि श्रीप्रकाश की पहली नौकरी फार्मा कंपनी में अहमदाबाद में लगी थी। उन दिनों उनकी तनख्वाह 40 हजार रुपये महीना थी। श्रीप्रकाश और उनके परिवार ने भले गांव आना-जाना छोड़ दिया था, लेकिन बातचीत होती थी। उन्हें आगे बढ़ते देख हम सबको भी खुशी होती थी। अहमदाबाद से वह विदेश चले गए तो संपर्क टूट गया।
चार बहनों के इकलौते भाई थे श्रीप्रकाश :
श्रीप्रकाश चार बहनों के इकलौते थे। उनकी बड़ी बहन शकुंतला की शादी लखनऊ और सावित्री की शादी राबर्ट्सगंज में हुई है। तीसरी बहन रेखा की शादी गंगापुर और सबसे छोटी बहन आशा की शादी चितईपुर के रंजीत पटेल से हुई है। श्रीप्रकाश की बुआ की शादी हुकुलगंज में हुई थी और उनके व्यावसायिक कांप्लेक्स हैं।