डीसीपी काशी जोन अमित कुमार ने बुधवार की देर शाम आदमपुर थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उप निरीक्षकों से नाइन एमएम पिस्टल और रिवाल्वर को डिसेबल कर असेंबल करने का निर्देश दिया। वहीं असलहा फंसने पर डीसीपी काशी जोन ने उपनिरीक्षक एसपी सिंह को फटकार लगाई और हेड मोहर्रीर को असलहों के बेहतर रखरखाव के लिए कड़ी हिदायत दी। डीसीपी काशी जोन ने आदमपुर थाना परिसर में खड़ी मुकदमों से संबंधित बाइकों के निस्तारण का आदमपुर इंस्पेक्टर सिद्धार्थ मिश्रा को निर्देश दिया।
इसके पूर्व दिन में जैतपुरा थाने पहुंचे डीसीपी वरुणा जोन विक्रांत वीर और एसीपी चेतगंज नितीश प्रताप सिंह ने थानेके मेस, मालखाना, रिकार्ड रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने पर पहुंचने वाले फरियादियों से फीडबैक लेने पर जोर दिया गया।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के निर्देश पर जैतपुरा पुलिस ने बुधवार को एसीपी चेतगंज नितीश प्रताप सिंह की मौजूदगी में 16 मुकदमों से संबंधित 131 लीटर नकली व कच्ची शराब और बिजली चोरी से संबंधित छह मुकदमों में जब्त किए गए विद्युत तार को नष्ट किया। एसीपी चेतगंज नितीश प्रताप सिंह ने बताया कि आबकारी विभाग की मौजूदगी में 16 मुकदमों में जब्त किए 131 लीटर कच्ची व नकली शराब को नष्ट किया गया है।