वाराणसी जिले के मैदागिन क्षेत्र में नगर निगम की ओर से आवंटित 40 गुमटी दुकानदारों को टाउनहॉल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में शिफ्ट किया जाएगा। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने इसके निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके लिए सभी गुमटी दुकानदारों से आवेदन भी प्राप्त कर लिया गया है।
नगर निगम प्रशासन की ओर से दुकानों के आवंटन के लिए चार जुलाई को लॉटरी कराई जाएगी। पांच जुलाई को सभी दुकानदारों को लॉटरी के माध्यम से आवंटित दुकानों व निर्धारित किराये पर उस दुकान में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
मैदागिन क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ होने और आवागमन में व्यवधान उत्पन्न होने के कारण स्थायी समाधान के लिए टाउनहॉल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया था। इसमें कुल 58 दुकानें निर्मित हैं। इसमें वर्तमान समय 46 दुकानें रिक्त हैं।
नगर निगम प्रशासन की ओर से मैदागिन क्षेत्र में पूर्व में 40 दुकानदारों को गुमटिया आवंटित की गयी थी। वर्तमान समय इस क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ भाड़ होने के कारण इन सभी दुकानदारों को टाउनहाल शापिंग कॉम्प्लेक्स में शिफ्ट किया जाना है।
दुकानदारों और नगर निगम प्रशासन में किराये को लेकर बनी सहमति
नगर निगम की ओर से कृपलानी मार्केट में नगर निगम की आवंटित दुकानों के किराये को लेकर दुकानदारों और नगर निगम प्रशासन में आम सहमति बन गई है।