‘गुलाबी समूह’ की महिलाओं को गुलाबी रंग की साड़ी दी जा रही है
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के ग्रामीण इलाकों के नौ थाना क्षेत्रों में शराबियों, जुआरियों, महिलाओं के साथ मारपीट करने वालों और आपराधिक व मनबढ़ प्रवृत्ति के बिगड़ैल लोगों पर अब ‘गुलाबी समूह’ की महिलाएं नजर रखेंगी।
इसके लिए वाराणसी के सभी 923 गांवों में 11-11 महिलाओं के गुलाबी समूह के गठन की शुरुआत पुलिस ने कर दी है। हलका प्रभारी और बीट सिपाही अपने क्षेत्र के समूह की महिलाओं के संपर्क में रहेंगे और उनकी सूचनाओं पर कार्रवाई करेंगे।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आशीष तिवारी ने गुरुवार को बताया कि अब तक चोलापुर थाना क्षेत्र में तीन, चौबेपुर में दो, फूलपुर में तीन, रोहनिया में पांच, लोहता में दो, जंसा में तीन, बड़ागांव में दो, मिर्जामुराद में दो और कपसेठी में दो गुलाबी समूहों का गठन किया जा चुका है।
थानेदार रोजाना इसकी रिपोर्ट देंगे कि उन्होंने अपने क्षेत्र के कितने गांव में गुलाबी समूह का गठन किया। इस समूह का गठन कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए किया गया है। महिलाओं के सहयोग से अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। समूह की महिलाओं को गुलाबी रंग की साड़ी दी जा रही है।
वे शराब और जुआ के खिलाफ गांव में जागरूकता भी फैलाएंगी। पुलिस महिलाओं की हरसंभव मदद करेगी। पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाकर गांव की बेहतरी के लिए काम करने वाली महिलाओं को महत्वपूर्ण अवसरों पर पुरस्कृत भी किया जाएगा।