कैंट जीआरपी ने 28 यात्रियों को लौटाया मोबाइल
- फोटो : अमर उजाला
ट्रेनों में चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन के वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे पर रविवार को मुस्कान आ गई, जब वाराणसी कैंट जीआरपी ने 27 यात्रियों को उनका मोबाइल सौंपा। दूर दराज के रहने वाले अन्य यात्रियों ने एक-दो दिन में आकर मोबाइल ले जाने का जीआरपी इंस्पेक्टर से आग्रह किया।
अभियान के तहत कुल 58 मोबाइल जीआरपी ने बरामद किया है। कैंट जीआरपी हेमंत सिंह ने बताया कि रेल यात्रियों का सफर के दौरान गुम और कुछ यात्रियों के मोबाइल चोरी के मुकदमे दर्ज हुए थे। सर्विलांस के जरिए यात्रियों के मोबाइल की खोजबीन चल रही थी। इस आधार पर कुल 58 मोबाइल बरामद किया गया। संबंधित मोबाइल के मालिकों को बुलाया गया।
इनमें 27 यात्री ही मौके पर पहुंचे, जिन्हें मोबाइल फोन सौंप दिया गया। अन्य यात्रियों ने बाद में आकर मोबाइल ले जाने का निवेदन किया है। किसी के तीन माह तो किसी के छह माह पुराने गुम हुए मोबाइल को लौटाया गया। बड़ागांव के पुखपुर निवासी सुनील कुमार यादव, ग्वालियर के गुलशन सिंह, बिहार भोजपुर के रोहित, जैतपुरा के मो. आसिफ, गोपालापुर, मुगलसराय के रमजान आदि ने बताया कि वह मोबाइल पाने की आस छोड़ चुके थे। जीआरपी ने खुशियां दोबारा लौटा दी है।