वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने शुक्रवार को सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर लावारिस बैग को सफाईकर्मी से उठवाया। यहीं नहीं लावारिस बैग उठाने से मना करने पर सिपाहियों ने एक युवक की पिटाई भी कर दी। गनीमत रही कि बैग में रोजमर्रा के जरूरी सामान रखे थे।
इसको लेकर स्टेशन पर कर्मचारियों व यात्रियों के बीच चर्चाओं का दौर तेज रहा। जीआरपी एसपी ने कहा कि इस घटना की जांच कराई जाएगी और अगर ऐसी चूक हुई है तो दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
प्लेटफार्म नंबर चार-पांच पर दोपहर बाद एक लावारिस बैग की सूचना जीआरपी को मिली।
पहले तो मौके पर जाने को लेकर दरोगा और सिपाहियों में तू-तू, मैं-मैं हुई। इसके बाद मौके पर पहुंचे सिपाहियों ने खुद लावारिस बैग के पास जाने का खतरा नहीं उठाया। पास खड़े एक युवक को बैग उठाकर लाने को कहा।
जोखिम को देखते हुए युवक ने जब मना किया तो सिपाहियों ने इसकी पिटाई की और एक सफाईकर्मी पर दबाव बनाकर उससे बैग उठवाकर जीआरपी थाने ले गये। बैग में कुछ कपड़े, मोबाइल चार्जर जैसे रोजमर्रा के सामान मिले।