ग्रीन ग्रुप की महिलाओं को एसडीएम और सीओ सदर ने दिखाई हरी झंडी
- फोटो : अमर उजाला
होप वेलफयेर संस्था के ग्रीन ग्रुप की महिलाओं ने रविवार को आराजीलाइन ब्लॉक के गांवों में रैली निकालकर घरेलू हिंसा के खिलाफ हुंकार भरी। एसडीएम राजातालाब ईशा दुहन और सीओ सदर स्नेहा तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
साथ ही, ग्रुप के प्रयासों की सराहना की। सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान चलाने वाली ग्रुप की महिलाओं को ‘पुलिस मित्र’ का दर्जा देने का भी एलान किया।
भद्रासी, रामसीपुर, जगरदेवपुर गांव में 25 महिलाओं की ओर से बनाए गए ग्रीन ग्रुप के तीन महीने के प्रशिक्षण के बाद रविवार को घरेलू हिंसा सहित अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान की शुरुआत हुई।
इस ग्रुप की महिलाएं प्रशिक्षण के पहले तक निरक्षर थीं लेकिन अब साक्षर हैं और अपने अधिकार के प्रति सचेत भी। एसडीएम ने कहा कि ग्रीन ग्रुप जैसे अभियानों की जरूरत सिर्फ बनारस नहीं बल्कि हर उस जगह है, जहां महिलाएं घरेलू हिंसा की शिकार हैं।
शत प्रतिशत मतदान अभियान के समय सक्रिय भागीदारी और प्रशासनिक सहयोग के लिए उन्होंने ग्रीन ग्रुप की सराहना की। सीओ स्नेहा तिवारी ने ग्रुप की महिलाओं को पुलिस मित्र का दर्जा देने के साथ ही पुलिस की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
होप संस्था इससे पहले देवरा तथा खुशियारी गांव में ग्रीन ग्रुप का गठन कर चुकी है। जिनके कार्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया और इन पर डॉक्यूमेंट्री भी तैयार हुई है।