प्रेमी को पाने के लिए शुरू की छठ पूजा
घुरहूपुर की रहने वाली मंजू देवी ने प्रेमी को पाने के लिए छठ पूजा की शुरुआत की। वह 30 साल से लगातार छठ व्रत रखती है। बताया कि व्रत छठ पूजा करने का उद्देश्य अपने प्यार को पाना था। उनसे शादी कर ली। बच्चे भी हैं। अब पूरा परिवार छठ पूजा में उत्साह के साथ लगा रहा है। कहा कि छठी मइया हमे हमके हमर प्यार पति के रूप में देह देहली हम माई के कैसे छोड़ब...।
सात समुंदर पार से आए, दो साल के युवान देंगे अर्घ्य : भारतीय मूल के कनाडाई प्रणव त्रिपाठी पत्नी सौम्या, दो साल के बेटे युवान के साथ छठ पूजा के लिए मूल आवास रामनगर आए हैं। भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष द्विवेदी के भांजे प्रणव वॉशिंगटन डीसी में एक मल्टीनेशनल सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत हैं।
अजय ने भी संतान के लिए मांगी थी मन्नत : रोहनिया शहावाबाद निवासी व्यवसायी अजय जायसवाल पत्नी राधा जायसवाल ने छठ माता से मन्नत मांगी थी कि हमें संतान होगा तो हम छठ व्रत करेंगे। पहली बेटी होते ही व्रत शुरू कर दिया। दो बेटी और एक बेटा है। पति-पत्नी दोनों छठ पूजा करते हैं। पूजन कर अर्घ्य देते हैं।
8 साल व्रत रखा तब पूरी हुई मुराद
मूल रूप से बिहार के पंकज पांडेय सामने घाट में आवास बनाकर रहते हैं। उनकी शादी 2005 में हुई थी। उनको संतान नहीं हो रही थी। उनकी पत्नी पूनम पांडेय 2011 में छठ पूजा शुरू की। आठ साल तक लगातार छठ व्रत रखकर माता की पूजा करती रहीं।
तीन बेटियों के बाद रखा व्रत, तब हुआ बेटा
मूलरूप से बिहार कैमूर की रहने वाली रेनू पांडेय लंका में रहती हैं। वह 26 वर्षों से लगातार छठ पूजा कर रही हैं। पिछले 14 वर्षों से वाराणसी में रहकर छठ पूजा कर रही हैं। उनकी तीन बेटियां थीं। उन्होंने छठ मैया से पुत्र मांगी। इसके बाद उनके घर बेटे का जन्म हुआ। तभी से छठी मैया के प्रति उनकी आस्था और गहरी हो गई।
पति बीमार थे तब शुरू किया व्रत
अक्था चौराहा की 75 साल की कलावती देवी के पति 45 वर्ष साल पहले काफी बीमार थे। उनके स्वस्थ होने की कामना को लेकर उन्होंने छठ माता का व्रत शुरू किया था। धीरे-धीरे उनके स्वास्थ्य में सुधार होने लगा। अब वह ठीक हैं। उनकी बहू रश्मि प्रभा गुप्ता भी 10 साल से व्रत कर रही हैं। उनको पुत्र हुआ है।
80 साल की सास ने बहू को सौंपी छठ पूजा : अशोक बिहार कॉलोनी पहड़िया निवासी छाया सिंह ने अपनी सास निर्मला देवी 80 साल ने कुछ साल से छठ व्रत शुरू किया है। मूलरूप से बलिया के गणेश सिंह सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी की पत्नी निर्मला देवी 50 साल तक छठ पूजा करती रहीं, लेकिन अब वह उम्र ज्यादा हो जाने के कारण उन्होंने अपनी बहू को सौंप दिया है। हालांकि, अभी भी वह भी पूजन और अर्घ्य देने जाती हैं।
बेटे के स्वस्थ होने की कामना लेकर छठ कर रहे अमिताभ
रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में पाइप निर्माण की फैक्टरी संचालित करने वाले नगर के रामपुर निवासी अमिताभ श्रीवास्तव के लिए इस बार छठ पूजा केवल पारिवारिक परंपरा निभाने का अवसर नहीं, बल्किपांच वर्षीय कैंसर पीड़ित बेटे के स्वस्थ होने की प्रार्थना का माध्यम भी है। अमिताभ बताते हैं कि उन्होंने बचपन से ही अपनी मां रीता देवी को छठ पूजा करते देखा है। खुद दो साल से व्रत कर रहे हैं।
डॉक्टर पति ने भी रखा व्रत
कन्दवा की रहने वाली प्रतिभा किरन को शादी के बाद संतान नहीं हो रही थी। सास ने छठ मइया से संतान के लिए कामना को मन्नत मांगने के लिए प्रेरित किया। सास व पड़ोसियों की सलाह पर उन्होंने पति स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. योगेंद्र कुमार के साथ छठ व्रत रखना शुरू कर दिया। 20 साल कैसे बीत गए उन्हें पता ही नहीं चला।
बेटी और बहू के साथ व्रत रहती हैं 70 साल की नर्वदाकांत : बरेका से सटे पहाड़ी की रहने वाली 70 साल की नर्वदाकांत बेटी अनिता व बहू सावित्री के साथ पिछले 30 साल से छठी मइया का व्रत रहती हैं। बताया कि पहले बिहार में यह व्रत रखती थी, लेकिन पति की नौकरी बरेका में लगने से अब सूर्य सरोवर पर पूजा करती हैं। उनका मानना है कि उनकी छठ माता के प्रति अटूट आस्था और विश्वास से जब व्रत रखने के अगले साल ही पति की नौकरी लग गई।
एलआईसी के प्रबंधक ने भी पत्नी के साथ रखे व्रत
कंदवा की रहने वाली ज्योत्सना शादी के बाद से संतान के लिए परेशान थी। सास राजमुनी देवी और पड़ोसियों के कहने पर पति भारतीय जीवन बीमा निगम में वरिष्ठ शाखा प्रबंधक हरीश कुमार के साथ छठ व्रत शुरू की। इसके बाद दो बेटियां सिया और साची हैं। वह लगातार 22 वर्षों से छठ पूजा करती हैं। अब एक पुत्र की कामना है।
बुआ सास ने मांगी मन्नत तो गूंजी किलकारी
बड़ागांव ब्लॉक के ढोरा गांव की महिमा शुक्ला पत्नी अखिलेश शुक्ला (रिंकू) के विवाह के बाद छह साल बाद तक संतान नहीं हुई। परिवार ने हर संभव प्रयास किया, लेकिन निराशा ही हाथ लगी। ऐसे कठिन समय में परिवार की बुआ सास ने छठी मइया के दरबार में मन्नत मांगी कि यदि महिमा की गोद भर जाए और घर में संतान का आगमन हो तो वह पूरी श्रद्धा के साथ छठ व्रत करेंगी।
माता से लगाई गुहार तो भर गई गोद : जेडी नगर कॉलोनी पहड़िया की किरण गुप्ता की भी गोद लंबे समय तक सूनी रही। तमाम इलाज के बाद भी कुछ नहीं हुआ। तब उन्होंने माता से गुहार लगाई। इसके साथ ही व्रत रखना शुरू कर दिया। इसके बाद पुत्र की प्राप्ति हुई। 25 साल से छठ का व्रत रख रही हैं।
सास की पहल पर शुरू किया व्रत
श्यामा नगर ककरमत्ता की रहने वाली इंदुमती सिंह मौर्या 21 साल से छठी मइया की पूजा कर रही हैं। बताया कि दुल्हन बनकर ससुराल आई थी। छठ पूजा का समय था, उसी समय मेरी सास की तबीयत खराब हो गई। सास श्याम प्यारी देवी ने दबी जुबान से धीरे से पूछा कि क्या तुम इस बार मेरी मदद कर छठ मइया का व्रत रख लोगी। मुझे छठ पूजा के बारे में कुछ पता नहीं था, लेकिन नाराज होने के डर से हां कर दी। तब व्रत रखी और वह ठीक हो गई। तब से लगातार व्रत रखती चली आ रही हूं।
कोल इंडिया से सेवानिवृत्त अधिकारी व चिकित्सक दामाद साथ करते हैं पूजा : शिवनगर कॉलोनी निवासी और एनसीएल कोल इंडिया से सेवानिवृत्त अधिकारी ओम प्रकाश सिंह की पत्नी चंद्रावती 50 साल से छठ मना रही हैं। अब उनके साथ बेटी डॉ. नीतू सिंह व डॉ. राजन सिंह दामाद दोनों रांची से हर वर्ष छठ पूजा करने आते हैं। दोनों ही सरकारी सेवा में चिकित्सालय में तैनात हैं।
फॉर्मा कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक कर रहे व्रत : कैमूर के रहने वाले और फॉर्मेट फार्मा कम्पनी में क्षेत्रीय प्रबंधक अभिषेक सिंह तीन साल छठ व्रत कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब छह महीने का था तब मां का छठ पूजा के दौरान ही निधन हो गया। मैंचपन में ही छठ पूजा करना चाहता था, लेकिन लोगों ने मुझसे कहा कि शादी होने के बाद ही आप छठ पूजा कर सकते हैं। तीन साल पहले हमारी शादी हुई, अब हम और पत्नी दोनों छठ व्रत रहते हैं।
30 साल से बनारस में हर साल घाट पर गुजरती है छठ की रात : मूलरूप से बिहार के डेहरी आनसोन के पास सियावक गांव की रहने वाली उमा देवी 30 साल से छठ कर रही हैं। उमा ने बताया कि सास के साथ 30 साल पहले व्रत शुरू किया। पति रामकुमार गुप्ता के साथ रामघाट रहने लगे। बेटा हुआ तो पूरे परिवार के साथ हर साल गायघाट पर विधि विधान से छठ पूजा कर रही हूं।
10 साल से कर रहे व्रत, छठ मैया ने पूरी की कई मनोकामनाएं : वाराणसी में तैनात उद्योग विभाग के उपायुक्त अभिषेक प्रियदर्शी इन दिनों अपने गृह नगर पटना में पूरे पारंपरिक विधि-विधान के साथ छठ का कठिन निर्जला व्रत रख रहे हैं। वह अपनी माताजी और भाभी के साथ मिलकर छठी मैया की उपासना कर रहे हैं। अभिषेक ने बताया कि उन्होंने आज से 10 साल पहले छठ व्रत रखने की शुरुआत की थी। एक दशक से लगातार वह पूरी निष्ठा और नियम के साथ इस महापर्व को मनाते आ रहे हैं।
देवरानी के कहने पर व्रत शुरू किया तो हुआ पुत्र : सलारपुरा की लक्ष्मी श्रीवास्तव को छठ के बारे में पता नहीं था। उनकी देवरानी बिहार से शादी कर आईं तो वह इस परंपरा को शुरुआत कीं। हालांकि वह मायके में जाकर ही छठ पूजा करती थीं। बाद में यहां करने लगीं। आगे चलकर दोनों को एक-एक बेटी हुई। बेटा नहीं था। देवरानी के कहने पर मैं भी छठ माता का ्रत शुरू किया और उन्हें पुत्र हुआ। तब से व्रत कर रही हैं।
दूसरे बच्चे के लिए 12 वर्ष तक किया इंतजार : लक्सा की गीता पांडेय को पहला बच्चा होने के बाद दूसरे के लिए 12 वर्षों तक इंतजार करना पड़ा। उन्होंने छठ पूजा शुरू की और फिर पुत्र की प्राप्ति हुई। बताया कि इस दौरान काफी इलाज कराया लेकिन कुछ नहीं हुआ। मगर छठ पूजा शुरू की। मां की कृपा से पुत्र की प्राप्ति हुई। मैं 18 वर्षों से माता की पूजा कर रही हूं।
व्रत रखती हूं, एक के बाद एक मुराद हुई पूरी : बालाजी एक्सटेंशन भगवानपुर की सुषमा कौशिक 2001 से छठ माता का व्रत कर रही हैं। उनके परिवार में पीढ़ियों से छठ पूजा होती है। उन्होंने भी शुरू की। बताया कि मैं जो सोचती गई, माता ने मेरी मुराद पूरी कर दी। बच्चे हुए। पति का व्यापार बढ़ता गया। नया मकान भी बना लिया।
झाड़-फूंक कराई, अपनों की सलाह पर रखा व्रत : सामनेघाट की जादिका गुप्ता भी कई साल संतान के लिए परेशान रही। उन्होंने बताया कि जो जिस डॉक्टर के बारे में बताता था, वहां जाती थी। झाड़-फूंक भी करवाई। एक बार अपने एक संबंधी के यहां छठ पूजा में गई थी। वहां महिलाओं ने मुझे भी व्रत रखने को कहा। सन् 1995 से व्रत शुरू कर दी। उनको पुत्र की प्राप्ति हुई।
30 साल से रख रही व्रत अब पोते भी हुए
शिवाजी नगर कॉलोनी की आशा तिवारी 30 साल से छठ माता का व्रत रख रही हैं। उनको शादी के कई वर्षों तक कोई संतान नहीं था। माता से मन्नत मांगी कि वह मेरी भी गोद भर दे। छठ व्रत शुरू किया तो पुत्र हुआ। उन्होंने बेटे की शादी कर दीं और पोता भी हो गया है।
बेटा जन्म से बीमार था तो शुरू की मां की पूजा : राजातालाब क्षेत्र के कुरुना गांव की संगीता पांडेय को बेटा हुआ। मगर वह जन्म से ही बीमार रहता था। उनके मन में छठ मैया के प्रति श्रद्धा शुरू से थी। उन्होंने छठ पूजा शुरू की और वह ठीक हो गया। हालांकि उनको पहला बच्चा भी काफी इंतजार के बाद 10 साल हुआ था। वह 28 वर्षों से छठ व्रत करती हैं।
पूजन देख कर लिया था सुख शांति का संकल्प : रोहनिया मोहनसराय निवासी प्रियंका पत्नी शशांक उपाध्याय दोनों लोग छठी मां का व्रत करते हैं। प्रियंका ने बताया कि पूजन देखकर हमने भी अपने परिवार की सुख शांति के लिए संकल्प लिया था कि परिवार के साथ छठी मां का व्रत करेंगे और सात साल से व्रत कर रहे हैं। छठी मां की कृपा से सब ठीक है।
प्रोफेसर ने भी शुरू की मइया की पूजा, पैदा हुए जुड़वा पुत्र : गाजीपुर के मूल निवासी और गंगोत्री विहार नगवां में रह रहे प्रो. अमरनाथ उपाध्याय को भी बच्चा नहीं हो रहा था। वह अस्पतालों का चक्कर लगाते रहे। फिर भी कोई संतान नहीं हुई। एक महिला ने उनकी पत्नी शीला देवी को छठ व्रत रखने को कहा। इसके बाद उन्होंने व्रत रखना शुरू किया और 13 वर्ष बाद उनको जुड़वा पुत्र गणेश और कान्हा पैदा हुए।
20 साल से रांची जाकर करती हैं पूजा : रोहनिया अखरी निवासी नेहा पांडेय पत्नी श्रीधर पांडेय अपने मां के साथ पूजन में गई थी तो पुत्र की कामना की थी। पुत्र प्राप्ति के बाद 20 साल से लगातार रांची जाकर छठी मां का व्रत करती हैं।
23 साल बाद बेटी हुई, बहू को 13 साल बाद मिली संतान : जक्खिनी पोखरी पर छठ पूजा सिहोरवा गांव की केवल देवी पत्नी जनार्दन सिंह ने नब्बे के दशक में अपनी गोद भरने के लिए शुरू किया था। विवाह के 23 साल बाद बेटी पैदा हुई। केवल देवी के पुत्र धर्मेंद्र सिंह बताते हैं कि उनकी माता तब कोलकाता में रहती थी और वहीं पर यह पूजा शुरू की। पूजा के शुरुआत के बाद वह गांव आईं और जक्खिनी पोखरे पर अकेले छठ पूजा करती थी। कुछ साल में पूरे गांव के साथ आसपास के 50 गांवों की महिलाएं और पुरुष आकर पूजा करते हैं। भाई मुकेश को भी शादी के 13 साल तक कोई संतान नहीं थी। मां ने बहू को भी छठ पूजा शुरू करवाई। अब उनको भी संतान की प्राप्ति हुई।