रतसर निवासी राहुल भारद्वाज देवास से परिवार के साथ बी-2 एसी कोच में बलिया पहुंचे। उन्होंने बताया कि त्योहार के कारण एसी कोच की हालत भी जनरल डिब्बे जैसी हो गई थी। यात्रियों की भीड़ के चलते सफर करना मुश्किल रहा। उन्होंने कहा कि प्लेटफार्म पर पुलिस की मौजूदगी नहीं हो तो यात्रियों के लिए ट्रेन से सुरक्षित उतरना भी मुश्किल हो जाए।
बांसडीह के चांदपुर निवासी दिनेश सिंह भी इंदौर-देवास से कामाख्या एक्सप्रेस से परिवार के साथ लौटे। उन्होंने बताया कि बलिया उतरना था, लेकिन कोच में इतनी भीड़ थी कि गाजीपुर से ही गेट की तरफ बढ़ना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद बलिया स्टेशन पर उतर सके। उनके मुताबिक, बिना टिकट यात्री भी कोच में घुसकर सीटों पर बैठ जा रहे हैं। टीटीई चालान काटने के बाद आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन संबंधित यात्री कोच में ही दूसरे की सीट पर बैठा रहता है। त्योहार पर किसी तरह घर पहुंचना जरूरी था, इसलिए परेशानी के बावजूद यात्रा करनी पड़ी।
11 घंटे तक लेट पहुंचीं स्पेशल ट्रेनें
छठ महापर्व पर ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ के बीच रेल परिचालन भी बेपटरी हो गया है। स्पेशल और नियमित ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। छठ पर्व के एक दिन पूर्व शनिवार को रेलवे की अधिकारी एनटीईएस एप के अनुसार 13 से अधिक ट्रेनें दो से लेकर 11 घंटे तक विलंब से चल रही हैं। इससे स्टेशन पर यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। सबसे अधिक विलंब 04128 गुवाहाटी-मुंबई लोकमान्य तिलक स्पेशल ट्रेन रही, जो करीब 11 घंटे देरी से चल रही थी।
प्रमुख विलंब वाली ट्रेनें
- 04128 गुवाहाटी-मुंबई लोकमान्य तिलक स्पेशल: करीब 11 घंटे लेट
- 11071 कामायनी एक्सप्रेस: लगभग 8.50 घंटे लेट
- प्रयागराज-बलिया पैसेंजर: 7 घंटे लेट
- 04652 अमृतसर-जयनगर स्पेशल: करीब 6 घंटे लेट
- इसके अलावा न्यू तिनसुकिया, नई दिल्ली-दरभंगा, सुपौल-नई दिल्ली और बरौनी-ग्वालियर जैसी ट्रेनें भी घंटों की देरी से पहुंचीं।