फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्नातक एमएलसी चुनाव: मतगणना में व्यवधान का आरोप, अखिलेश ने लिखा- परिणाम तैयार, प्रमाणपत्र नहीं दिया जा रहा

Thu, 29 Oct 2026 12:21 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी खंड स्नातक विधान परिषद सीट की मतगणना को लेकर सपा में भाजपा पर व्यवधान का आरोप लगाया। सपा प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशी और मतगणना अभिकर्ताओं पर गाली-गलौज कर गणना रोकने का आरोप लगाया।
विज्ञापन
स्नातक एमएलसी चुनाव के मतगणना के दौरान डटे रहे सपा कार्यकर्ता - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वाराणसी खंड स्नातक विधान परिषद सीट की मतगणना को लेकर समाजवादी पार्टी ने भाजपा पर व्यवधान डालने का आरोप लगाया है। सपा प्रत्याशी ने निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की, वहीं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि परिणाम तैयार होने के बावजूद प्रमाणपत्र नहीं दिया जा रहा है। दूसरी ओर, जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि प्रत्याशियों की ओर से दर्ज आपत्तियों का निस्तारण कराते हुए मतगणना लगातार जारी है।

विज्ञापन


सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा की ओर से निर्वाचन अधिकारी को लिखे पत्र में आरोप लगाया गया है कि 28 अक्तूबर को मतगणना सुचारू रूप से चल रही थी, तभी भाजपा प्रत्याशी और उनके मतगणना अभिकर्ताओं ने दूसरे प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं तथा गणना कर्मचारियों के साथ बार-बार गाली-गलौज की। इससे मतगणना में व्यवधान उत्पन्न हुआ और गणना रोकनी पड़ी। पत्र में रात के समय विद्युत व्यवस्था को प्रभावित कर मतगणना में बाधा डालने की आशंका भी जताई गई है। निर्वाचन अधिकारी से तत्काल मतगणना जारी कराने और कार्रवाई की मांग की गई है।

Trending Videos

अखिलेश ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि वाराणसी में मतगणना को रोकने या धीमा करने के पीछे के षड्यंत्र को सभी समझ रहे हैं, लेकिन भाजपा इसमें कामयाब नहीं होगी। वाराणसी में भाजपा की हार राष्ट्रीय खबर न बन जाए इसलिए हर तरह के कुचक्र रचे जा रहे हैं। अखिलेश ने दावा किया कि परिणाम तैयार है, लेकिन प्रमाणपत्र नहीं दिया जा रहा। उन्होंने चुनाव आयोग से निष्पक्षता साबित करने का अंतिम मौका बताते हुए कहा कि यदि आयोग मतगणना कराने में असफल रहा है तो उसे इस्तीफा दे देना चाहिए। अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए लिखा, भाजपा ईमानदारी से जीतना नहीं जानती तो क्या ईमानदारी से हारना तो सीखे।
विज्ञापन

जिला निर्वाचन अधिकारी बोले, लगातार जारी है मतगणना
सपा की ओर से आरोप लगाए जाने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने एक्स पर जवाब दिया। उन्होंने लिखा कि वाराणसी खंड स्नातक के उम्मीदवारों की ओर से गणना के संबंध में आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। आपत्तियों का समुचित निस्तारण कराते हुए मतगणना की प्रक्रिया अनवरत रूप से गतिमान है। मतगणना को लेकर सपा के आरोपों और अखिलेश यादव के बयान के बीच जिला निर्वाचन अधिकारी ने गणना जारी रहने की आधिकारिक जानकारी दी है। सपा की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें