फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News: राज्यपाल के जाते ही रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर की बिजली कटी, गेट भी बंद; बोले- समय पूरा हो गया

Thu, 09 Oct 2025 06:33 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में बिजली काट देने का मामला काफी चर्चा में रहा। काशी विद्यापीठ के छात्रों ने अपनी निराशा भी जाहिर की। वे लोग अंधेरे में भी सेल्फी लेते नजर आएं। मोबाइल के टाॅर्च जलाकर हाॅल से बाहर निकले।
विज्ञापन
मोबाइल के टाॅर्च जलाकर फोटो खींचवाते लोग। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का दीक्षांत समारोह बुधवार को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम सुबह 9:50 बजे से शुरू होकर करीब दोपहर 1 बजे तक चला। जैसे ही कुलाधिपति और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल कार्यक्रम समाप्त कर सभागार से बाहर निकलीं, अचानक बिजली काट दी गई। इससे वहां मौजूद कई स्वर्ण पदक विजेता मेधावियों को अंधेरे में मोबाइल के फ्लैश की रोशनी में पदक और उपाधि के साथ अपनी यादगार तस्वीरें लेनी पड़ीं।

विज्ञापन


स्थिति तब और निराशाजनक हो गई जब यह पता चला कि बिजली कोई तकनीकी खराबी से नहीं गई थी, बल्कि 'समय पूरा हो गया' कहकर जानबूझकर बिजली सप्लाई रोकी गई थी। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद सभागार के सभी गेट भी बंद करवा दिए गए, जिससे कोई भी छात्र या अतिथि अंदर आकर मंच या परिसर में फोटो न ले सके। ऐसे में छात्रों को बाहर निकालने का भी प्रयास किया गया।

राज्यपाल के जाते ही कन्वेंशन सेंटर की बिजली कटने और दरवाजे बंद होने की इस घटना ने वहां मौजूद सभी को असहज कर दिया। मंच पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एके त्यागी, कुलसचिव, शिक्षक और अन्य अधिकारी भी उस समय सभागार में मौजूद थे।

विज्ञापन

अंधेरे में सेल्फी लेतीं छात्राएं। - फोटो : अमर उजाला
विद्यार्थियों की मायूसी: पहला दीक्षांत, लेकिन यादें अंधेरे में
इस बार दीक्षांत समारोह पहली बार विश्वविद्यालय परिसर से बाहर आयोजित किया गया। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर को समारोह स्थल इसलिए चुना गया कि विद्यार्थी एक विशिष्ट स्थल पर यादगार अनुभव के साथ पदक व उपाधि प्राप्त करें। कुलपति प्रो. एके त्यागी का कहना है कि इससे विश्वविद्यालय पर होने वाला खर्च भी कम हुआ और छात्रों को एक नई अनुभूति मिली। लेकिन कार्यक्रम के बाद जैसी बेतरतीब व्यवस्थाएं दिखीं, उससे छात्रों की खुशी क्षणभर में मायूसी में बदल गई।
विज्ञापन

हमने सोचा, शायद बिजली चली गई है... लेकिन पता चला, कटवा दी गई
एक स्वर्ण पदक प्राप्त छात्रा ने कहा, जब हम मंच के पास तस्वीर लेने पहुंचे तो अचानक अंधेरा हो गया। लगा कि बिजली चली गई है, लेकिन बाद में जब किसी ने बताया कि बिजली जानबूझकर कटवा दी गई है, तो बहुत दुख हुआ। क्या हम सिर्फ दीक्षांत तक ही सम्मानित हैं?

सवाल उठे: आयोजन सिर्फ वीआईपी उपस्थिति तक ही सीमित था?
छात्रों और शिक्षकों के बीच यह चर्चा आम रही कि क्या आयोजन केवल राज्यपाल की उपस्थिति तक ही सीमित था? जो विद्यार्थी अपने जीवन के सबसे गौरवशाली क्षण को संजोना चाहते थे, उन्हें बिजली के बिना मोबाइल के फ्लैश में तस्वीर लेनी पड़ी, वह भी बाहर निकाले जाने की जल्दबाजी में, एक शिक्षक ने नाम न छापने की शर्त पर कहा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें