आईआईटी में सर्वाधिक पैकेज देने वाली गूगल कंपनी इस साल कैंपस प्लेसमेंट के लिए नहीं आई। किसी भी आईआईटी में गूगल ने इस साल प्लेसमेंट नहीं किया है जबकि आईआईटी बीएचयू में गूगल ने एक करोड़ 95 लाख तक के पैकेज पर जॉब ऑफर की थी।
विशेषज्ञों का मानना है कि गूगल इस बार से आईआईटियंस को नौकरी देने के आईआईटी से संपर्क नहीं कर रही है। बताया जा रहा है गूगल सीधे उनकी भर्ती करेगी। हालांकि आईआईटी ने ऑफ प्लेसमेंट के लिए गूगल से संपर्क किया है।
आईआईटी में गूगल, ओरेकल और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियां करोड़ के पैकेज पर जॉब ऑफर कर रही हैं। अब तक का सर्वाधिक पैकेज ओरेकल यूएस ने 2014 में आईआईटी बीएचयू को दिया था लेकिन गूगल ने भी दो करोड़ का रिकार्ड कायम रखा है। पिछले साल गूगल ने जहां आईआईटी खड़गपुर में दो करोड़ का पैकेज ऑफर किया था।
वहीं आईआईटी बीएचयू के छात्र को एक करोड़ 95 लाख और आईआईटी पटना में एक करोड़ 80 लाख का पैकेज दिया है। वहीं 2014 में आईआईटी इंदौर में गूगल ने एक करोड़ 70 लाख और आईआईटी बीएचयू में एक करोड़ 63 लाख के पैकेज पर जॉब ऑफर की थी।
करोड़ के पैकेज पर जॉब ऑफर करने वाली इस कंपनी के प्लेसमेंट के लिए न आने पर आईआईटियंस मायूस हैं। हालांकि इस बार माइक्रोसॉफ्ट ने आईआईटी कानपुर एक करोड़ के अधिक के पैकेज पर जॉब ऑफर की है।
ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के प्रोफेसर इंचार्ज प्रो. अनिल कुमार अग्रवाल का कहना है कि गूगल के प्लेसमेंट की प्रक्रिया काफी लंबी है। दो से तीन दिन का समय लगता है। स्टूडेंट्स पर इसका काफी प्रेशर रहता है। हमने ऑफ प्लेसमेंट के लिए गूगल से संपर्क किया है जिसकी पूरी उम्मीद है।