दिल्ली हावड़ा रूट पर गाड़ियां थमीं
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली हावड़ा रूट पर स्थानीय मंडल के भभुआ रोड रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी की चार बोगियां पटरी से उतरने से ट्रेनों की रफ्तार थम गई। मालगाड़ी के चार डिब्बे पटरी उतरने से हावड़ा की तरफ जाने वाली ट्रेनों का परिचालन लगभग एक घंटे प्रभावित रहा।
इस दौरान हावड़ा की तरफ से आने वाली ट्रेनों को रिवर्सल लाइन से भेजा गया।
72 बोगी वाली लांग हाल मालगाड़ी (दो मालगाड़ी के बराबर बोगियों वाली ट्रेन) मुगलसराय से गया के लिए रवाना हुई थी। खाली मालगाड़ी शाम पांच बजे भभुआ रोड रेलवे स्टेशन के समीप पहुंची तभी वह बेपटरी हो गई।
इसका इंजन विद्युत पोल से टकरा गया। इससे रेलवे ट्रैक के साथ ओवरहेड तार भी क्षतिग्रस्त हो गया। इससे डाउन लाइन पर आवागमन बाधित हो गया। इसके चलते चंदौली में मालगाड़ी और सैयदराजा में शिप्रा एक्सप्रेस को आधे घंटे से अधिक समय के लिए रोका गया था।
ट्रेनों के बेपटरी होने से डाउन की ओर जाने वाली विभिन्न ट्रेनों को रिवर्सल लाइन के सहारे पास किया गया। कंट्रोल की सूचना पर मुगलसराय से एआरटी मौके लिए रवाना हुई और लाइन को ठीक करने का काम देर रात तक जारी रहा। इस दौरान ट्रेनों को कासन के सहारे तीसरी लाइन से पार किया गया।