लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से संचालित होने वाली विमानन कंपनियों ने समर शेड्यूल जारी कर किया है। विमानन कंपनियों ने कई रूट पर विमान सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। खास यह है कि बाबतपुर एयरपोर्ट से पहली बार रविवार से गोरखपुर के लिए और 29 से जम्मू के लिए सीधी विमान सेवा शुरू हो रही है। ग्रीष्म कालीन समय सारणी 27 मार्च से 29 अक्टूबर तक मान्य होगी।
वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर।
- फोटो : सोशल मीडिया।
स्पाइस जेट एयरलाइंस गोरखपुर, जयपुर, गुवाहाटी, देहरादून, पटना आदि नए रूटों पर विमानों का संचालन करेगा तो अहमदाबाद जैसे महत्वपूर्ण रूट पर अपनी सेवा बंद करेगा। इंडिगो एयरलाइंस जयपुर, और जम्मू के लिए विमान का संचालन शुरू करेगा, इसके अलावा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बंगलूरू, हैदराबाद, चेन्नई, भुवनेश्वर आदि रूटों पर समय में परिवर्तन करेगा।
गो एयर अहमदाबाद के लिए नए विमान का संचालन करेगा, इसके अलावा दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू, कोलकाता की सेवाएं जारी रखेगा। एयर इंडिया लखनऊ से वाराणसी की सेवा बंद करेगा तो दिल्ली, मुंबई की सेवाएं जारी रहेंगी। एयर विस्तारा अपने विमान और समय में कोई परिवर्तन नहीं कर रहा है। एयर विस्तारा का विमान दिल्ली से वाराणसी व वाराणसी से दिल्ली और मुंबई से वाराणसी व वाराणसी से मुंबई के बीच संचालित होती है जो पहले के अनुसार जारी रहेगी।
27 मार्च से समर शेड्यूल जारी हुआ है। कई एयरलाइंस अन्य शहरों के लिए 27 से ही विमान सेवा शुरू कर रही हैं। कोरोना संक्रमण कम होने से यात्रियों के संख्या भी बढ़ रही है। ये एयरपोर्ट प्रशासन के साथ ही अन्य विभाग के लिए भी अच्छी खबर है। - आर्यमा सान्याल, एयरपोर्ट निदेशक