फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बलियाः पैसे वापस नहीं करने पर सूदखोरों ने दलित महिला को जिंदा जलाया

Fri, 09 Mar 2018 07:23 PM IST
टीम डिजिटल,वाराणसी
विज्ञापन
रेशमी देवी की बेटी से पूछताछ करते एसपी अनिल कुमार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
यूपी के बलिया जिले के जजौली गांव में दलित महिला रेशमी (50) को गांव के ही दो सूदखोरों ने गुरुवार की रात जिंदा जलाकर मारने को कोशिश की। 40 फीसदी जल चुकी महिला का वाराणसी में उपचार चल रहा है। उसकी हालत गंभीर है।
विज्ञापन


महिला के जेठ की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात का कारण महिला द्वारा दो साल पहले सूदखोरों से 20 हजार रुपए सूद लेना बताया जा रहा।

जजौली निवासी रेशमी पत्नी राम आशीष गुरुवार की रात जब घर में सोई थी तभी यह घटना घटी। आरोप है कि गांव के ही सत्यम सिंह, सोनू सिंह और गुड्डू सिंह ने रात करीब 2:00 बजे रेशमी पर मिट्टी का तेल डाल आग लगा दी।
विज्ञापन


पीड़िता के जेठ बब्बन के मुताबिक, रेशमा के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और आग को बुझाई। 100 नंबर को सूचना दी गई। परिवारीजन उसे इलाज के लिए पीएचसी नगरा ले गए, जहां से महिला को वाराणसी रेफर कर दिया।

पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। रात में ही क्षेत्राधिकारी रसड़ा अवधेश चौधरी पहुंच गए, वहीं शुक्रवार को सुबह मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया।

एसपी अनिल कुमार ने बताया कि दलित महिला को जलाने के मामले में दो आरोपी सत्यम सिंह और सोनू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

महिला के परिजनों की माने तो रेशमा देवी ने करीब दो साल पहले 20 हजार रुपये सूद पर उधार लिए थे। रकम की वापसी को लेकर सूदखोर महिला पर लगातार दबाव बन रहे थे। इसी को लेकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। 

एक साल पूर्व भी महिला पर हुआ था जानलेवा हमला

इसी बिस्तर पर सोई थी महिला जब लगाई गई आग - फोटो : अमर उजाला
जिस रेशमी देवी के ऊपर केरोसीन डालकर जलाकर मारने का प्रयास किया गया, उक्त महिला पर एक साल पूर्व भी जानलेवा हमला हो चुका है, जिसमें वह बाल-बाल बची थी। पीड़िता की तहरीर पर गांव के ही युवक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया।

हमले की वजह सूदखोरी का पैसे का लेन देन बताया गया। बताया जाता है कि 25 जनवरी 2017 को जजौली गांव में एक युवक ने सूद का पैसा नहीं मिलने पर गांव की महिला रेशमी देवी पत्नी रामशीष पर पेट्रोल डालकर आग लगा दिया था।

जिसमें वह मामूली रूप से जल गई थी और किसी तरह भागकर जान बचाई थी। पुलिस ने इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ हत्या के प्रयास, छिनैती और एससी एसटी एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया था।

बताया जाता है कि रेशमी ने गांव के ही एक व्यक्ति से ब्याज पर 20 हजार रुपये लिए थे। रेशमी देवी की माने तो वह अब तक दो लाख रुपये दे चुकी थी, जबकि आरोपी युवक की माने तो उसे अभी तक ब्याज और मूलधन नहीं मिला है।
विज्ञापन

युवक को गलत फंसाने का आरोप

रेशमी देवी - फोटो : file photo
वारदात में गिरफ्तार किए गए सत्यम सिंह के परिजनों का कहना है कि पट्टीदार कमलेश सिंह के लड़के का गुरुवार की शाम करीब 7:00 बजे पेट्रोल पंप के समीप बाइक से दुर्घटना हो गई थी।

इस कारण वह बुरी तरह से घायल हो गया, उसे इलाज कराने हेतु सत्यम सिंह आजमगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में गए थे। जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। परिजनों का कहना है कि उसे गलत फंसाया जा रहा है।

दलित महिला को केरोसीन से जलाए जाने की घटना की जानकारी लेने पहुंचे एसपी अनिल कुमार ने महिला की बेटी और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

एसपी ने बताया कि घटनास्थल पर लोगों से पूछताछ के बाद कई बातें सामने आयी हैं। महिला को जलाकर मारने का प्रयास हुआ है, लेकिन अभी तक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पीड़िता के परिजनों के मुताबिक, सूदखोरी के पैसे को लेकर जलाकर मारने का प्रयास किया गया। बहरहाल, अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार को अवश्य न्याय मिलेगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें