कस्टम के सहायक आयुक्त पवन कुमार सिंह व अधीक्षक रजत तिवारी के अनुसार बुधवार को शारजाह से पहुंचे विमान 6ई8241 के यात्रियों की जांच की जा रही थी। इसी बीच इंस्पेक्टर संदीप सिंह ने बिहार के सिवान निवासी शिवम कुमार शाह के बैग की जांच की तो डीप फ्रायर के हॉट प्लेट के वजन में कुछ अंतर समझ में आया और बनावट भी कुछ अलग थी। इसकी बारीकी से जांच की गई तो हॉट प्लेट के नीचे का हिस्सा पूरा सोने से बना था। सोने को बाहर निकालने के लिए इलेक्ट्रिक कटर का सहारा लेना पड़ा और आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। आरोपी शिवम शाह से पूछताछ में कई जानकारियां मिली।
बरामद सोने का वजन 1164.450 ग्राम रहा, विदेशी सोना की कीमत 58.80 लाख रुपये आंकी गई है। इसी तरह एक और यात्री के बैग की जांच की गई तो 232.620 ग्राम विदेशी सोना ग्राइंडर मशीन के इंडक्शन क्वाइल में छिपाया गया था। बरामद सोने का मूल्य 11 लाख 74 हजार रुपये है। कस्टम अधिकारियों के अनुसार सोना छिपाने के ढंग से यह स्पष्ट है कि यह काम किसी शातिर द्वारा किया गया है और यह सोना फैक्ट्री में सामान के उत्पादन के समय ही उसमें फिक्स कर दिया जाता है। इसकी जांच को लेकर उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया है। इस कार्रवाई पर पटना परिक्षेत्र के मुख्य आयुक्त निशीथ गोयल व लखनऊ के कस्टम आयुक्त वेद प्रकाश शुक्ला ने टीम को शाबाशी दी है।