सावन के अंतिम सोमवार पर काशी विश्वनाथ को चढ़ाया अष्टधातु का छत्र,
- फोटो : अमर उजाला
भगवान शिव के प्रिय सावन के अंतिम सोमवार को नमामि गंगे ने लोक कल्याण और आत्मनिर्भर भारत की कामना से श्रीकाशी विश्वनाथ को अष्टधातु से निर्मित सोने की पॉलिश वाला छत्र चढ़ाया। गंगा सेवक नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने बाबा से गंगा निर्मलीकरण की गुहार लगाई।
बाबा विश्वनाथ से भारत की सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई। जनकल्याणकारी बाबा पर गंगाजल समर्पित कर पर्यावरण व मां गंगा के संरक्षण का आशीर्वाद मांगा। राजेश शुक्ला ने कहा कि हमने जनकल्याणकारी बाबा से प्रार्थना की है कि हमारा भारत आत्मनिर्भर हो, सकल विश्व को पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश देने वाले बाबा से मां गंगा के निर्मलीकरण की गुहार लगाई है।
आयोजन में प्रमुख रूप से जयराम चांदवानी, अंजू चंदवानी, संजय शर्मा, पीयूष तिवारी, अभिनंदन, सुमन राय आदि शामिल रहे। बता दें कि सावन के चौथे और अंतिम सोमवार पर काशीपुराधिपति की नगरी में गजब का उत्साह नजर आ रहा है।
काशी विश्वनाथ दरबार में उमड़ी भीड़
चारों तरफ हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गुंजायमान है। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की अटूट कतार लगी है। गंगा घाट से मंदिर तक आस्था का सावन उमड़ा है। काशी विश्वनाथ धाम परिक्षेत्र कांवरियों की भीड़ के कारण केसरिया नजर आ रहा है।
दशाश्वमेध, काशी विश्वनाथ मंदिर, चौक, ज्ञानवापी, मैदागिन आदि मार्गों पर शिवभक्तों का रेला उमड़ पड़ा है। मंदिर के गेट नंबर चार से गोदौलिया और मैदागिन तक स्टील की बैरिकेडिंग लगाई है। इसी बैरिकेडिंग से होकर श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश कर रहे हैं।