बीएचयू में दस दिसंबर को होने वाले 102वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। समारोह में शामिल होने वाली छात्राएं लाल बार्डर वाली सफेद साड़ी पहनेंगी। वहीं, छात्र सफेद कुर्ता, पैजामा में नजर आएंगे। विज्ञान संस्थान में दस दिसंबर को होने वाले उपाधि वितरण समारोह के लिए परिधान का वितरण सात से नौ दिसंबर तक सुबह 11 बजे से 4 बजे तक संगोष्ठी संकुल में किया जाएगा।
मुख्य समारोह के बाद ही विभागों, संकायों में आयोजन होंगे। विज्ञान संस्थान के विद्यार्थियों के उपाधि वितरण का कार्यक्रम दस दिसंबर को दोपहर एक बजे से स्वतंत्रता भवन में होगा। विद्यार्थियों को तीन दिसंबर तक निदेशक कार्यालय में सहमति पत्र भेजना होगा। सुबह नौ बजे से विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह का मुख्य आयोजन होगा। छात्राओं को उत्तरीय एवं साफा पहनना होगा। संस्थान में प्रति उत्तरीय एवं साफा के लिए निर्धारित 200 रुपये (वापसी विहीन प्रावधान के अंतर्गत) भुगतान करना होगा। समारोह में संस्थान/संकाय के सत्र 2021-22 के छात्रों को दोपहर 1 से 4 बजे तक जबकि सत्र 2019-20 एवं 2020-21 वालों को शाम 4 से 7 बजे तक स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएचडी शोध छात्रों को उपाधियां वितरित की जाएंगी।