यूपी के मऊ जिले के एक गांव की आईटीआई छात्रा की आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर डालकर एक युवक ब्लैकमेल कर रहा है। वह छात्रा से शादी करने का दबाव बना रहा है। आरोपी ने शादी न करने पर तेजाब से चेहरा जलाने की धमकी दी है। छात्रा के पिता ने सोमवार को मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली और एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई करने और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
उधर, कार्रवाई न होने पर छात्रा ने आत्महत्या की चेतावनी दी है। आजमगढ़ के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ निवासी युवक की बहन की शादी मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में हुई है।
युवक ने बहन के ससुराल के गांव में एक छात्रा से मेलजोल बढ़ाने का प्रयास किया। सफल न होने पर उसने धोखे से छात्रा की फ़ोटो खींचकर उससे छेड़छाड़ करने के बाद सोशल मीडिया पर डालकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
छात्रा ने घर वालों को युवक की हरकतों के बारे में बताया। सोमवार को कोतवाली और एसपी से इसकी शिकायत की। तहरीर में आरोप है कि युवक शादी का दबाव बना रहा है। शादी न करने पर जान से मारने और तेजाब फेंककर चेहरा जलाने की भी धमकी दी है।
छात्रा ने कहा कि अगर युवक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वह आत्महत्या कर लेगी। इस बारे में क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार का कहना है कि छात्रा की तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।