यूपी के बलिया में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो वायरल होने से परेशान छात्रा ने खौफनाक कदम उठा लिया। उसने कुएं में कूद कर जान दे दी। कुएं के बाहर छात्रा की चप्पल मिलने पर लोगों को शक हुआ। कुएं में झांक कर देखा तो छात्रा का शव तैर रहा था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बताया जा रहा है कि वायरल फोटो में छात्रा और उसका प्रेमी है।
मृतका के भाई ने एक युवक के विरुद्ध पुलिस का नामजद तहरीर दी है। उभांव थाना क्षेत्र के एक गांव निवासिनी बीए की छात्रा पढ़ाई के साथ-साथ एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती भी थी। मंगलवार की सुबह कुएं के पास पड़ी उसकी चप्पल देख ग्रामीणों को कुछ शक हुआ। जब वह कुएं के पास पहुंचे तो उसमें छात्रा का उतराया शव देखकर सन्न रह गए।
मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। बाद में ग्रामीणों ने उसकी पहचान होने पर परिवारीजनों के साथ ही पुलिस को भी खबर की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कुंए से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
उधर, मृतका के भाई ने एक युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। मृतका की मां का आरोप है कि दो दिन पूर्व गांव के ही एक युवक ने उनकी पुत्री की फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। जिस पर बेटी आहत थी। लोकलाज के भय से उसने यह कदम उठा लिया।