मंडुवाडीह के रहने वाले लड़के ने 9 महीने पहले मुंबई निवासी एक लड़की का टिकटॉक पर एक वीडियो को लाइक किया था। लाइक के बाद दोनों टिकटॉक पर एक दूसरे को फॉलो करने लगे और फिर इनके बीच चैटिंग शुरू हो गई। उसके बाद लड़की के जन्मदिन पर लड़के ने उससे अपने प्यार का इजहार कर दिया, जिसे लड़की ने स्वीकार कर लिया। उसके बाद दोनों में नजदीकियां बढ़ने लगीं और दोनों ने एक-दूसरे के साथ जिंदगी बिताने का फैसला कर लिया।
इसके बाद कुछ दिन तक मोबाइल में खराबी के कारण राजा ने लड़की का फोन नहीं उठाया और ना ही मैसेज का कोई जबाब दे पाया। इस बात से लड़की चिंतित हो गई और वह घर वालों से बिना बताए ही मुंबई से वाराणसी पहुंच गई। इसके बाद लड़के ने मंडुवाडीह पुलिस को बताया कि लड़की भाग करके अपने घर से आई है। इसके घरवाले परेशान हैं। कृपया इसके घर पर सूचित कर दीजिए। इसके बाद मंडुवाडीह पुलिस ने लड़की के परिजनों को फोन करके उसके मंडुवाडीह में होने की जानकारी देते हुए बुलवा लिया है।