नगर कोतवाली के रायफल क्लब के पास से मंगलवार को एंटी करप्शन वाराणसी की टीम ने घूस लेते 15 हजार नकदी के साथ जमानिया कोतवाली के उपनिरीक्षक को धर-दबोचा। मुकदमा दर्जकर आरोपी का चालान कर दिया। जमानिया कोतवाली के गोपालपुर निवासी कृष्णा ने एंटी करप्शन वाराणसी की टीम से शिकायत की थी कि मुकदमें में से नाम निकालने के लिए जमानिया कोतवाली में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात अनिल कुमार सिंह द्वारा 15 हजार रुपये की मांग की जा रही है।
इस पर एंटी करप्शन वाराणसी टीम के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम रायफल क्लब स्थित एक चाय की दुकान पर पहुंचे। जहां उपनिरीक्षक द्वारा शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये नकदी लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। दबोचने के बाद टीम उपनिरीक्षक को सीधे नगर कोतवाली लेकर पहुंची, जहां पूछताछ करने में जुट गई।
एंटी करप्शन टीम के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर पुलिस ने उपनिरीक्षक को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्जकर आरोपी उपनिरीक्षक को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस बुधवार को उपनिरीक्षक का चालान कर देगी।